उत्तराखंडगांवफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

विकासखंड अगस्त्यमुनि के राजकीय प्राथमिक विद्यालय पिपली में जनता मिलन कार्यक्रम, 32 शिकायतें दर्ज 15 शिकायतों का मौके पर हुआ निराकरण

विकासखंड अगस्त्यमुनि के राजकीय प्राथमिक विद्यालय पिपली में जनता मिलन कार्यक्रम, 32 शिकायतें दर्ज 15 शिकायतों का मौके पर हुआ निराकरण

रुद्रप्रयाग। क्षेत्रीय जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देशन में ‘‘सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम के तहत आज मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार की अध्यक्षता में विकासखंड अगस्त्यमुनि के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय पिपली में जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन कर क्षेत्र वासियों की समस्याओं को सुना गया। क्षेत्र वासियों द्वारा आवास, पेंशन, राशन कार्ड, पेयजल, विद्युत, आधार कार्ड, क्षतिग्रस्त गौशाला का मुआवजा आदि से संबंधित 32 शिकायतें दर्ज कराई गई जिनमें 15 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष शिकायतों का निराकरण करने हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।

‘‘सरकार जनता के द्वार‘‘ कार्यक्रम के तहत ग्राम पिपली की सोना देवी ने गौशाला टूटने के कारण गाय मर जाने का मुआवजा एवं पेंशन लगाए जाने की मांग की गई। माहेश्वरी देवी पत्नी पुरूषोत्तम ने राशन कार्ड न बनाए जाने, प्रेम लाल पुत्र बच्चू लाल ने पेंशन हेतु आनलाइन आवेदन किया गया लेकिन अभी तक पेंशन प्राप्त नहीं हो रही है। मीना देवी पत्नी लक्ष्मीमित्र ने कच्चा आवास होने के कारण प्रधानमंत्री आवास की मांग की गई। इमला देवी पत्नी जसपाल सिंह ने मकान जीर्ण शीर्ण होने के कारण आवास की मांग की। दिनेश चंद्र ने अवगत कराया है कि ग्रामीणों के जो आधार कार्ड बनाए गए हैं उनमें कई त्रुटियां हैं जिस पर उनके द्वारा आधार कार्ड को सही कराने की मांग की गई। क्षेत्र वासियों द्वारा क्षेत्र में पानी की समस्या से भी अवगत कराया गया तथा क्षेत्रवासियों द्वारा विद्युत विभाग द्वारा मीटर रीडिंग नहीं की जा रही है तथा बिजली के बिल भी उपलब्ध नहीं हो रहे हैं आदि समस्याओं से अवगत कराया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की मंशा है कि दूरस्थ क्षेत्रों में निवासरत ग्रामीणों की समस्याओं का उन्हीं के द्वार पर जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम में जो भी समस्याएं दर्ज कराई गई हैं उनका संबंधित विभाग द्वारा त्वरित निराकरण किया जाएगा जिसके लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयावधि के अंतर्गत प्राप्त समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि जिन लोगों के आवास एवं गौशाला क्षतिग्रस्त होने के लिए मुआवजा के लिए आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं वह सभी का स्थलीय निरीक्षण कर इसकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा यह भी निर्देश दिए हैं कि जिन ग्रामीणों के आधार कार्ड में त्रुटि हो रखी है उनकी सूची 3 दिन के भीतर तैयार करने के निर्देश दिए ताकि आधार कार्ड की त्रुटि को ठीक करने के लिए क्षेत्र में कैंप लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा सके। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देश दिए हैं कि उनके द्वारा जिन ग्रामीणों के बिल उपलब्ध नहीं कराए गए हैं इस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए बिद्युत बिल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए जल निगम को जल जीवन मिशन के तहत त्वरित गति से कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि जो भी पेंशन के प्रकरण प्राप्त हुए हैं उन पर आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा ग्राम पिपली में मुख्यमंत्री घोषणा में बनाए जाने वाले मिनी स्टेडियम का भी स्थलीय निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान पिपली श्रीमती सुनीता देवी, बणगांव श्रीमती रोशनी देवी, उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग मंजू राजपूत, जिला युवा कल्याण अधिकारी शरत सिंह भंडारी, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र सिंह बिष्ट, जिला उद्यान अधिकारी योगेंद्र सिंह चौधरी, खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि प्रवीण भट्ट सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!