बंदरों का बना आतंक, महिला पर किया हमला, भय के माहौल में ग्रामीण

बंदरों का बना आतंक, महिला पर किया हमला, भय माहौल में ग्रामीण
रूद्रप्रयाग। ऊखीमठ नगर में बंदरों से हमले की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। आए दिन बंदर किसी न किसी पर हमला कर घायल कर रहे हैं। शुक्रवार देर सांय सरस्वती विद्या मंदिर के निकट पुष्पा देवी पर अपने छत पर टहल रही थी, तभी अचानक से बंदरों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। जिससे उनके हाथ पर गहरे घाव हो गए जिसके बाद उन्हें घायलावस्था में पीएचसी ऊखीमठ ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उनका उपचार किया।
वहीं दूसरी ओर राइका ऊखीमठ के छात्रों को विद्यालय तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं है। रास्ते में बैठे बंदर आए दिन छात्रों के पीछे भाग रहे हैं जिसमें अभी तक कई छात्र चोटिल भी हो चुके हैं। स्कूली छात्र भय के माहौल में विद्यालय जाने को मजबूर हैं। नगर क्षेत्र में बंदर पिछले एक माह में एक दर्जन से अधिक लोगों पर हमले कर चुके हैं। लेकिन उसके बावजूद भी प्रशासन द्वारा कोई कार्यवाही नहीं कि जा रही है। नगर के राइका ऊखीमठ,प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र,ओंकारेश्वर मंदिर एवं सरस्वती विद्या मंदिर के निकट झुंड में बैठे बंदर लोगों पर हमला कर घायल कर रहे हैं। बंदरों का ख़ौफ़ इतना है कि बुजुर्ग एवं बच्चे अकेले घरों से नहीं निकल पा रहे हैं। नगर में बढ़ रही लगातार घटनाओं के बावजूद भी न तो नगर पंचायत द्वारा कोई कदम उठाए जा रहे और नहीं प्रशासन द्वारा। बंदरो के आतंक से परेशान नगरवासियों को घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।



