गुप्तकाशी में ट्रेड यूनियन की बैठक हुई आयोजित, घोड़ा खच्चर एवं मजदूर संघ ने अपनी विभिन्न मांगों के निराकरण को लेकर दिया ज्ञापन

गुप्तकाशी में ट्रेड यूनियन की बैठक आयोजित, बैठक में घोड़ा खच्चर एवं मजदूर संघ ने अपनी विभिन्न मांगों के निराकरण को लेकर दिया ज्ञापन
गुप्तकाशी। श्रीकेदारनाथ धाम यात्रा में समस्त घोडे खच्चरों, डण्डी कडी एवं मजदूरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अध्यक्ष गोविंद सिंह रावत की अध्यक्षता में आम बैठक आयोजित की। बैठक में यात्राकाल के दौरान विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। व्यवसायियों ने कहा कि आपसी वार्ता एवं सौहार्द से हम सभी यात्रियों को इस धाम में अधिक से अधिक सुविधायें देकर उनकी यात्रा को सफलता पूर्वक सम्पन्न करवाने में अपना सहयोग प्रदान करेंगे। इससे समस्त विश्वपटल पर हमारी छवि देवभूमि के अनुरूप बनी रहेगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्राथमिकता के आधार पर जनपद रूद्रप्रयाग के घोड़े – खच्चर मालिकों को लाइसेंस देना होगा। विकास खण्ड ऊखीमठ के समस्त बेरोजगारों को अनिवार्य व प्राथमिकता के आधार पर ढाबे – टेंटों, नींबू, सिकन्जी एवं अन्य छोटे छप्परों के लिए भूमि उपलब्ध करवानी होगी। मजदूरों के लिए रैन सेल्टरों, शौचालयों एवं घोड़े खच्चरों के लिए रात्रि पड़ावों पर पानी उपलब्ध करवाना होगा। साथ ही केदारनाथ क्षेत्र के नजदीकी धामों में मांस मदीरा आदि की दुकानों को अनिवार्य रूप से प्रतिबन्धित करना होगा। जबकि प्रीपेड काउन्टरों की संख्या में वृद्धि करने के साथ ही अनावश्यक रूप से तीर्थ यात्रीयों व वाहनों के रजिस्ट्रेशन के नाम पर जगह – जगह रोक कर प्रशासन द्वारा परेशान न किया जाय। वहीं घोड़े खच्चरों की मृत्यु दर कम करने के लिए सन्तुलित आहार पर भी चर्चा की। इसके अलावा माल वाहक घोड़ों की अनुमानित संख्या तय करके किसी अनुभवि संस्था / व्यक्तियों अथवा स्वयं प्रशासन द्वारा अनुबंधित किया जाय। व ट्रेड यूनियन मजदूर संघ (रजि० न० 433) के कार्यालयों के लिए विभिन्न पड़ावों पर स्थान उपलब्ध करवाना। इन सभी बिंदुओं पर प्रशासन से मांग की जाएगी। ट्रेड यूनियन के पदाधिकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एसडीएम उखीमठ जितेंद्र वर्मा को ज्ञापन सौंपा।
एसडीएम उखीमठ ने कहा कि घोड़े खच्चर व्यवसायियों एवं मजदूरों की निम्न मांगों पर शासन स्तर पर बात करने बाद निर्णय लिया जाएगा, साथ ही उन्होंने कहा घोड़ों की संख्या यात्रा के दौरान निर्धारित की जाएगी जिस से यात्रा के दौरान भगदड़ न हो। साथ ही अन्य व्यवस्थाओं को भी जल्द पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर तहसीलदार दीवान सिंह राणा,कनिष्क प्रमुख ब्लॉक उखीमठ शैलेन्द्र कोटवाल, जिपं सदस्य गुप्तकाशी गणेश तिवारी, जिप सदस्य कालीमठ विनोद राणा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संत लाल शाह ,ट्रेड यूनियन के संरक्षक अवतार नेगी, महामंत्री मायाराम गोस्वामी, प्रधान सगठन अध्यक्ष सुभाष रावत, क्षेप सदस्य सोमेश्वरी देवी, प्रधान कविल्ठा अरविंद राणा, लक्ष्मण सिंह रावत, प्रीतम सजवाण सहित केदारघाटी के कई जनप्रतिनिधि एवं उपस्थित रहे।



