पांच महिला पर्यावरण मित्रों को माँ शारदा कीर्ति सम्मान

पांच महिला पर्यावरण मित्रों को माँ शारदा कीर्ति सम्मान
गुप्तकाशी /ऊखीमठ। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जीवन निर्माण एजुकेशन सोसाइटी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में पाँच प्रतिभाशाली महिला पर्यावरण मित्रों को प्रतिष्ठित “माँ शारदा कीर्ति सम्मान 2026” से अलंकृत किया गया। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण एवं समाज सेवा के क्षेत्र में महिलाओं के अमूल्य योगदान को हेतु संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान सांकरी वंदना नेगी, कार्यक्रम अध्यक्ष कालीमाई मंदिर कालीमठ के वरिष्ठ पुजारी जगमोहन चंद्र गौड़ एवं संस्था के चेयरपर्सन मनोज बेंजवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान सभी ने समाज की उन्नति और महिला सशक्तिकरण का सामूहिक संकल्प लिया।
संस्था के संस्थापक एवं कार्यक्रम संयोजक लखपत सिंह राणा ने कहा कि जीवन निर्माण एजुकेशन सोसाइटी वर्षों से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित करती आ रही है। महिलाएं केवल परिवार की नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज और प्रकृति के संरक्षण की धुरी हैं। इस अवसर पर स्वच्छता के प्रहरी बनकर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में दशकों से उल्लेखनीय कार्य करने वाली पाँच महिला पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया गया। पूजा देवी, मोनू देवी, डोली देवी, कविता देवी, पूनम देवी। मुख्य अतिथियों द्वारा प्रतीक चिह्न, अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। संस्था के चेयरपर्सन मनोज बेंजवाल ने कहा कि मातृ शक्ति का सम्मान तब सार्थक होगा जब महिलाओं के कार्यों एवं क्षमताओं को पहचानकर उन्हें उचित अवसर प्रदान किए जाएं। डॉ. जैक्स वीन नेशनल स्कूल की शिक्षिका ज्योति असवाल ने कहा कि महिलाएं यदि संकल्प ले लें तो समाज की हर धारा को बदल सकती हैं। शिक्षिका सुलेखा चौहान एवं संगीता दानू ने महिला सशक्तिकरण पर समानता और सम्मान का संदेश दिया, वहीं शिक्षिका कविता दुमागा एवं राजेश्वरी नौटियाल ने पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित किया। शिक्षक मनीष डिमरी ने कहा कि महिला दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि महिलाओं के प्रति दैनिक सम्मान का प्रतीक होना चाहिए। शिक्षक राहुल राणा ने सभी सम्मानित महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दीं। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने पर्यावरण संरक्षण और महिला सम्मान का संकल्प लिया।



