छात्रावास को कब्जामुक्त करने को लेकर क्रमिक अनशन दूसरे दिन भी जारी, समर्थन देने पहुंच रहे स्थानीय लोग

फाटा। राजकीय इंटर कालेज फाटा के छात्रावास में गत दो सालों से निजी संस्था द्वारा संचालित अस्थाई पशु उपचार केंद्र को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा मंगलवार से शुरू किए अनिश्चितकालीन कालीन क्रमिक अनशन दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा।
बीते, दिन मंगलवार को फाटा क्षेत्र के ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा शुरू किया गया अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन दूसरे दिन भी जारी है। क्रमिक अनशन के दूसरे दिन भी बड़ी तादात में ग्रामीण पहुंचने लगे। वहीं दूसरे दिन मातृ शक्ति के पहुंचने से आंदोलन को और बल मिलने लगा है। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी सिर्फ एक ही मांग है विद्यालय के छात्रावास भवन को जल्द खाली किया जाय।
ग्राम प्रधान रविग्राम रामेश्वर प्रसाद जमलोकी ने बताया कि 10 मार्च मंगलवार से शुरू किया गया क्रमिक अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। दूसरे दिन अनशन स्थल पर मातृ शक्ति भी समर्थन देने पहुंची उन्होंने सभी का आभार प्रकट कर छात्रावास को खाली करवाने की मुहिम में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा जब तक भवन को खाली नहीं किया गया। हम क्रमिक अनशन जारी रखेंगे।
क्षेत्र पंचायत सदस्य जामू आरती देवी ने कहा कि विद्यालय के छात्रावास भवन को खाली करवाने के लिए मातृ शक्ति को अपना सभी कार्य छोड़ पहुंचना पड़ रहा है। उन्होंने कहा शासन प्रशासन आखिर क्यों एक संस्था के आगे मौन है। सभी ने पशु उपचार केंद्र को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग रखी।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व मजदूर संघ संरक्षक अवतार सिंह नेगी भी अनशनकारियों को समर्थन देने पहुंचे उन्होंने कहा कि विद्यालय के छात्र छात्राओं के लिए बने छात्रवास पर पशु उपचार केंद्र संचालित करना सरासर नाइंसाफी है। उन्होंने शासन प्रशासन से इसे अन्यत्र स्थानांतरित करने की अपील की है।
इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजाराम सेमवाल, ग्राम प्रधान बड़ासू विमला देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य खड़िया, योगिता देवी, पूर्व क्षेत्र पंचायत जामू रविग्राम शकुंतला देवी, पूर्व प्रधान रविग्राम पिंकी देवी, विमला देवी, वंदना देवी, चरण सिंह मेहरा, अमित सेमवाल, दिनेश पुरोहित, विक्रम लाल, रामकृष्ण जमलोकी, उत्तम जमलोकी सहित बड़ी तादात में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



