रुद्रप्रयाग में स्वर्गीय सुषमा स्वराज अवॉर्ड्स का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने किया शुभारंभ, समाज मे उत्कृष्ट कार्य करने वाली 30 महिलाओं को किया सम्मानित

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया रुद्रप्रयाग में स्वर्गीय सुषमा स्वराज अवॉर्ड्स शुभारंभ
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 30 महिलाओं को किया सम्मानित
महिलाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित करेगा स्व0 सुषमा का व्यक्तित्व
रुद्रप्रयाग। भाजपा महिला मोर्चा ने स्वर्गीय सुषमा स्वराज अवार्ड्स कार्यक्रम के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 30 महिलााओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट एवं महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि पूर्व विदेश मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज एक महान महिला राजनीतिज्ञ थी। जिन्होंने कभी सत्ता में रहते हुए तो कभी विपक्ष के नेता के रूप में आजीवन भारतीय लोकतंत्र की निःस्वार्थ सेवा की। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सुषमा का महान व्यक्तित्व हमेशा महिलाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व भारतीय जनता पार्टी ने उनके व्यक्तित्व व उनकी सेवा को सम्मान देने के उद्देश्य से स्वर्गीय सुषमा स्वराज अवार्ड्स का शुभारम्भ किया है, जिसके तहत सामाजिक, राजनीतिक, औद्योगिक एवं दूसरों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने वाले तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जा रहा है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल ने स्व सुषमा स्वराज के महान व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 25 वर्ष की छोटी आयु में हरियाणा राज्य की मंत्री बनी व उसके बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री के साथ विदेश मंत्री का दायित्व संभालने वाली ऐसी हमारी नेता स्वर्गीय सुषमा स्वराज के सम्मान में यह कार्यक्रम पूरे देश के साथ प्रदेश के सभी संगठनात्मक 19 जिलों में महिलाओं के सम्मान में किया जा रहा है।
समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जनपद रुद्रप्रयाग की 30 महिलाओं को सम्मानित करते हुए उनहोंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सभी योजनाओं में महिलाओं व पिछडे वर्गों को लाभ दिया गया है। कार्यक्रम में गीता रावत, बिमला देवी, कुशला मैठाणी, देवकी भंडारी, आरती गुसाईं, संतोषी रौथान, सीमा गुसाईं, जीवंती देवी सहित तीस महिलाओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर पंवार, जिला प्रभारी ऋषि कंडवाल, सह प्रभारी रघुवीर सिंह बिष्ट, विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी, एवं जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह ने भी सम्बोधित किया। इस मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विजय कपरवान, सरला खंडूरी, सुरेंद्र जोशी, भरत भूषण, विकास डिमरी, अजय सेमवाल, सतेंद्र बर्थवाल, बुद्धि बल्लभ थप्लियाल, सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



