उत्तराखंडधार्मिकरुद्रप्रयाग

कार्तिकेय मंदिर समिति की बैठक सम्पन्न, जून माह में आयोजित होगा भव्य महा शिवपुराण कथा एवं महायज्ञ

लक्ष्मण सिंह नेगी

ऊखीमठ। कार्तिकेय मंदिर समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक कनकचौरी में विधिवत सम्पन्न हुई, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समिति पदाधिकारियों एवं ग्रामीणो ने भाग लिया। बैठक में आगामी जून माह में आयोजित होने वाले भव्य महा शिवपुराण कथा एवं महायज्ञ के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा कार्यक्रम की तिथियां सर्वसम्मति से घोषित की गईं। कार्तिकेय मन्दिर समिति के अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के अनुसार देव सेनापति भगवान कार्तिकेय की तपस्थली कुमार लोक में धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ 5 जून से होगा, जो 15 जून तक विधिवत रूप से संचालित किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन वेद मंत्रोच्चारण, कथा वाचन, हवन-पूजन एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे सम्पूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 14 जून को बीहड़ चट्टानों के मध्य से भव्य जल कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर धार्मिक आस्था का परिचय देंगे। बैठक जल कलश यात्रा को भव्य रूप देने पर विस्तृत चर्चा की गयी। इसके अतिरिक्त आगामी 7 मई को 108 शंख बलम पूजा का आयोजन भी सुनिश्चित किया गया है। इस विशेष पूजा में दक्षिण भारत के वेदाचार्य, यज्ञाचार्य, विद्वान आचार्य, उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अधिकारी व क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेंगे और कुमार कार्तिकेय सहित ३३ कोटि देवी – देवताओं की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।

बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न समितियों का गठन किया गया तथा जिम्मेदारियां सौंपी गईं। समिति पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने की अपील की। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन न केवल आस्था को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूती प्रदान करते हैं। कार्तिक स्वामी तीर्थ में इस भव्य आयोजन को लेकर स्थानीय जनता में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। इस मौके पर प्रबंधक पूर्ण सिंह नेगी, सचिव बलराम सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष चन्द्र सिंह नेगी, उप प्रबंधक रमेश नेगी, उपाध्यक्ष रमेश नेगी, जिला पंचायत सदस्य कण्डारा अजयवीर भण्डारी, जयवर्धन काण्डपाल, सम्पन्न नेगी, भाजपा चोपता मण्डल अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी, महामंत्री दीपक नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता पंचम सिंह नेगी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मगन सिंह नेगी, उमेद सिंह नेगी, रघुनाथ सिंह नेगी, सुरेन्द्र सिंह नेगी, बलराम सिंह नेगी सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि , पदाधिकारी व ग्रामीण मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!