जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सुनी जन समास्याएं, विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों की 43 समस्याएं दर्ज, 20 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण

जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सुनी जन समास्याएं, विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों की 43 समस्याएं दर्ज, 20 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण
रुद्रप्रयाग। जनपद वासियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. सौरभ गहरवार की अध्यक्षता में जन संवाद जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों द्वारा आज 43 समस्याएं दर्ज कराई गई जिसमें सड़क, पानी, बिजली, सिंचाई, आवास, मुआवजा आदि से संबंधित शिकायतें दर्ज की गई जिसमें से 20 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, शेष शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता मिलन जन संवाद कार्यक्रम में चमस्वाड़ा के ग्रामीणों ने बज्यूण-हड़ेटीखाल मोटर मार्ग निर्माण के तहत डंपिंग जोन के मलवे की उचित व्यवस्था न किए जाने की शिकायत दर्ज की। इसके साथ ही ग्रामीणों द्वारा भारी बारिश से सेरा व कुंडरी तोक की क्षतिग्रस्त नहरों से किसानों को सिंचाई में हो रही परेशानी के संबंध में शिकायत दर्ज की गई। चमस्वाड़ा प्रधान हेमा देवी ने सनबैंड से बज्यूण बैंड तक मोटर मार्ग में सर्वेक्षण होने के बाद भी ग्रामीणों की नाराजगी के संबंध में अवगत कराया। धारतोंदला के प्रधान देवेंद्र सिंह रावत ने क्षेत्र में लगातार हो रहे भू-स्खलन की समस्या से अवगत कराया। रौठिया के ग्रामीण गिरीश सिंह ने गांव में निर्माणाधीन अमृत सरोवर में हो रही अनियमितताओं तथा पेलिंग की शकुतंला देवी ने पीएमजीएसवाइ के तहत अधिग्रहित किए गए खेतों का मुआवजा न मिलने की शिकायत दर्ज की। बणखिल के वन पंचायत सरपंच यशवंत सिंह ने बणखिल में विद्युत आपूर्ति बाधित रहने तथा ट्रांसफार्मर को गांव के समीप ही लगाने के संबंध में, थाती बड़मा निवासी जय ओम प्रकाश ने विभागीय लापरवाही के कारण स्याली-तिबोनिया-धरियांज मोटर मार्ग न किए जाने, मक्कू निवासी गोपाल लाल व बावई निवासी धर्मेंद्र राज ने अटल आवास दिलाए जाने, मलांऊ के गजेंद्र सिंह करासी ने जल जीवन मिशन योजना के तहत जल संयोजन करने तथा डांगी पठालीधार की मंजू देवी ने आर्थिक सहायता चाहने के संबंध में प्रार्थना-पत्र दिया।
जन संवाद/जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आम जनता की जो भी समस्याएं एवं शिकायतें जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त हो रही हैं उन पर सभी अधिकारी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ समस्या का निदान करना सुनिश्चित करें जिसमें कई शिकायतों को तीन दिन एवं कई शिकायतों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसमें किसी भी प्रकार से कोई विलंब एवं लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि जिन आवेदन पत्रों पर स्थलीय निरीक्षण किया जाना है उन पर तत्काल निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें तथा जो शासन स्तर को प्रेषित किए जाने हैं उन्हें तत्परता से शासन को प्रेषित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी का यह ध्येय होना चाहिए कि जनता के द्वारा जो भी समस्याएं एवं सुझाव प्राप्त होते हैं उन पर समयबद्धता एवं वस्तुस्थिति को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्राप्त शिकायतों में आवेदक द्वारा जो भी समस्या से अवगत कराया गया है उसका समाधान किया जाना संभव है तो कब तक समाधान किया जाएगा, संबंधित आवेदन पत्र के संबंध में स्पष्ट आख्या से आवेदनकर्ता को अनिवार्य रूप से सूचित करना सुनिश्चित करें ताकि वह अपनी समस्या को लेकर आश्वस्त हो जाए।
सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि एल-1 एवं एल-2 के स्तर पर जो भी शिकायतें लंबित हैं उनका निस्तारण तत्परता से करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन पर जो भी शिकायतें दर्ज हो रहीं हैं उनकी भी प्रत्येक सप्ताह समीक्षा की जाएगी इसके लिए सभी अधिकारी शिकायतों का निस्तारण करना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की कोई ढिलाई न बरती जाए।
जनता मिलन/जन संवाद कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु, परियोजना निदेशक डीआरडीए विमल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, जिला विकास अधिकारी अनिता पंवार, उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग मंजू राजपूत, जखोली परमानंद राम, तहसीलदार ऊखीमठ दीवान सिंह राणा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विमल सिंह गुसांई, पुलिस उपाधीक्षक हर्षवर्धनी सुमन, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा, अधिशासी अभियंता लोनिवि सुनील कुमार, ऊखीमठ मनोज भट्ट, एनएच निर्भय सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र सिंह बिष्ट, जिला उद्यान अधिकारी योगेंद्र सिंह चौधरी, प्रभारी शिकायत समाधान विनोद कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीण मौजूद रहे।



