केदारघाटी के गुप्तकाशी में मंत्री प्रेम चंद के बयान को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश, विरोध प्रदर्शन कर किया पुतला दहन

गुप्तकाशी। संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के विधानसभा में दिए गए विवादास्पद बयान और उनके किसी भी पहाड़ी विधायक का तनिक भी विरोध ना करने से आक्रोशित स्थानीय लोगों द्वारा गुप्तकाशी में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का पुतला दहन किया। इससे पूर्व कैबिनेट मंत्री के पुतले की शव यात्रा निकालकर उसे बीच बाजार में दहन किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय लोगों ने प्रेमचंद अग्रवाल मुर्दाबाद के नारे भी लगाए ।
निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य गणेश तिवारी ने कहा कि जिन पहाड़ियों द्वारा प्रेमचंद अग्रवाल को कई बार विधानसभा तक पहुंचाया गया है, आज उन्हीं लोगों को बार-बार गाली देकर तिरस्कार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश में नगर निगम के चुनाव में भी प्रेमचंद अग्रवाल ने गुंडई करके अपने प्रत्याशी को जिताया था। विधानसभा उपचुनाव प्रत्याशी त्रिभुवन चौहान ने कहा कि कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का पहाड़ियों को गाली देना अक्षम्य है । साथ ही संपूर्ण विधानसभा में लगभग 40 के करीब विधायक पहाड़ी है। ऐसे में उन लोगों का मौन उत्तराखंड वासियों को खल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग अपनी जीत के घमंड में आम जनता को भाव नहीं दे रहे हैं। उन्हें लगता है कि आगामी चुनावी वह आसानी से जी जाएंगे। धन, बल गुंडा गर्दी करके अब जनता को बरगलाना बेहद मुश्किल है । नि वर्तमान ग्राम प्रधान प्रेम सिंह नेगी ने कहा कि जहां एक और केदारनाथ धाम की यात्रा खुलने में कुछ ही माह शेष हैं ,ऐसे में अभी तक सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच का मोटर मार्ग नहीं बन पाया है। इसके साथ ही यात्रा कालीन व्यवस्थाएं अभी भी यथावत बनी है, लेकिन भाजपा को केवल अपना उल्लू सीधा करना है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के पवित्र मंदिर विधानसभा में पहाड़ियों को अशोभनीय शब्द बोलना माफी के काबिल नहीं है। हम इसका पुरजोर विरोध करते हैं । इस दौरान बिपिन सेमवाल, विष्णु दत्त जोशी, मंजीत सिंह, प्रदीप असवाल, विशाल बिष्ट, समेत कई लोग मौजूद रहे।



