11 दिवसीय महायज्ञ व पुराणवाचन में 14 जून को निकलेगी भव्य जल कलश यात्रा, सभी तैयारिया हुई पूरी

लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। देव सेना पति कुमार कार्तिकेय की तपस्थली क्रौच पर्वत तीर्थ मे विश्व कल्याण व क्षेत्र की खुशहाली के लिए आयोजित 11 दिवसीय महायज्ञ व पुराणवाचन में शनिवार को निकलने वाली भव्य जल कलश यात्रा की सभी तैयारिया पूरी कर ली गयी है। भव्य जल कलश यात्रा मे शामिल होने के लिए सैकड़ो श्रद्धालुओ ने कार्तिक स्वामी तीर्थ की ओर रूख कर लिया है।
शुक्रवार को बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला , केदारनाथ विधानसभा के पूर्व विधायक मनोज रावत, निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य कण्डारा सुमन नेगी , पूर्व जिपस बीर सिंह बुडेरा व उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के तत्वावधान मे देवभूमि बद्री – केदार – कार्तिक स्वामी यात्रा हेतु भारत गौरव मानसखण्ड एक्सप्रेस के माध्यम से विभिन्न राज्यो के 71 सदस्यीय तीर्थ यात्रियो के अन्तिम दल सहित सैकड़ो श्रद्धालुओ ने महायज्ञ व पुराणवाचन मे शामिल होकर पुण्य अर्जित किया। रविवार को पूर्णाहुति के साथ महायज्ञ व पुराणवाचन का समापन होगा। 11 दिवसीय महायज्ञ व पुराणवाचन के आयोजन से क्रौच पर्वत तीर्थ का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है तथा विद्वान आचार्यो द्वारा हवन कुण्ड मे अनेक प्रकार की पूजा सामाग्रियो की आहूति डालकर विश्व समृद्धि की कामना की जा रही है। क्रौच पर्वत तीर्थ पर आयोजित 11 दिवसीय महायज्ञ व पुराणवाचन मे प्रतिभाग करते हुए बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि कार्तिक स्वामी तीर्थ धार्मिक महत्ता के साथ प्राकृतिक सौन्दर्य से भी परिपूर्ण है इसलिए भविष्य मे यहां तीर्थाटन, पर्यटन की अपार सम्भावनाये है। उन्होने कहा कि यदि प्रदेश सरकार व पर्यटन विभाग कार्तिक स्वामी पर्यटन सर्किट से नागनाथ , बामनाथ के साथ क्यूजा घाटी ,तल्लानागपुर व दश्जयूला के तीर्थ स्थलो को शामिल होने के प्रयास करती है तो क्रौच पर्वत तीर्थ के चारो तरफ फैले भूभाग का चहुंमुखी विकास होने के साथ स्थानीय युवाओ के सन्मुख स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होगे।
केदारनाथ विधानसभा के पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि मोहनखाल – राकसी – तुंगनाथ पैदल ट्रैक विकसित होने से कार्तिक स्वामी तीर्थ को जोड़ने वाले अन्य पैदल ट्रैको को भी विशिष्ट पहचान मिलेगी । कार्तिकेय मन्दिर समिति अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया कि क्रौच पर्वत तीर्थ मे आयोजित महायज्ञ व पुराणवाचन मे प्रतिदिन सैकड़ो श्रद्धालुओ ने शामिल होकर पुण्य अर्जित किया तथा कल बीहड चट्टानो के मध्य से निकलने वाली भव्य जल कलश यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। समिति के प्रबन्धक पूर्ण सिंह नेगी ,कोषाध्यक्ष चन्द्र सिह नेगी ,सचिव बलराम सिंह नेगी ,सुधीर नौटियाल सह प्रबन्धक रमेश सिंह नेगी , उपाध्यक्ष उत्तमराज नेगी , पूर्व क्षेपस श्रीमती सुरजी देवी ने कल निकलने वाली भव्य जल कलश यात्रा मे आम जनमानस से सहयोग की अपील की है।



