लखपति दीदी सम्मेलन में महिलाओं का सम्मान, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मिली रही मजबूती

महिलाओं को आत्मनिर्भर कर सशक्त बनाने की दिशा में सरकार कर रही निरंतर कार्य – विधायक आशा नौटियाल
रुद्रप्रयाग। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा रुद्रप्रयाग द्वारा आयोजित “लखपति दीदी सम्मेलन” में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रतिभाग कर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों व सामाजिक क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों व विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज में प्रेरणादायी योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता विधायक नौटियाल ने उपस्थित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि आज की नारी हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी’ अभियान महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से हजारों महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं तथा अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही हैं।
विधायक नौटियाल ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभ देना ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और सशक्त बनाना भी है। उन्होंने सभी महिलाओं से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर अपने जीवन को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।



