केदारघाटी के रेल बीट के जंगलों में लगी आग, लाखों की वन संपदा स्वाह, वन्य जीवों के जीवन पर मंडराया खतरा
केदारघाटी के रेल बीट के जंगलों में लगी आग, लाखों की वन संपदा स्वाह, वन्य जीवों के जीवन पर मंडराया खतरा
फाटा। केदारघाटी में बड़ासू क्षेत्र के समीप स्थित केदारनाथ वन्य जीव अभ्यारण के रेल बीट क्षेत्र की पहाड़ी के जंगल भीषण आग की चपेट में आ गये है। जंगलों में भीषण आग लगने से लाखों की वन सम्पदा स्वाहा हो रही है तथा वन्य जीव – जन्तुओं के जीवन पर भी संकट के बादल मड़राने लगे हैं। यदि समय पर जंगलों में लगी भीषण आग पर काबू नहीं पाया गया तो आग विकराल रूप धारण कर सकती है जिससे पहाड़ी पर लगी आग सुरम्य मखमली बुग्यालों तक पहुँच सकती है। केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग द्वारा जंगलों में लगी आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिये गये हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़ासू शेरसी क्षेत्र के सामने स्थित पहाड़ी के जंगल रविवार प्रातः से भीषण आग की चपेट में आ गये हैं। केदारनाथ वन्य जीव अभ्यारण के रेल बीट के जंगलों में भीषण आग लगने से लाखों की वन सम्पदा स्वाहा हो रही है तथा जंगलों में जीवनयापन करने वाले अनेक प्रजाति के जीव जन्तुओं के जीवन पर संकट के बादल मड़राने लगे है।
रेल बीट की पहाड़ी के जंगलों में लगी भीषण आग पर यदि समय रहते काबू नहीं पाया गया तो भीषण आग पहाड़ी के दूसरी छोर पर स्थित जाल, चौमासी के जंगलों तक पहुंच सकती है। वहीं भीषण आग से निकलने वाले धुएं का प्रभाव बड़ासू क्षेत्र के नजदीकी गांव शेरसी, रामपुर एवं फाटा तक पहुंच सकता है।
केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग रेल बीट के अनुभाग गौर सिंह करणी ने बताया कि बड़ासू के समीप रेल बीट की पहाड़ी के जंगलों में लगी भीषण आग पर काबू पाने के लिए रविवार सुबह से ही पांच सदस्यीय दल तैनात किया गया है तथा वन कर्मियों द्वारा अधिकांश हिस्सों में लगी आग पर काबू पा लिया गया है मगर एक तरफ चट्टानी इलाका होने के कारण आग पर काबू पाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा।
वहीं देर सांय तक जंगलों में लगी आग अत्यधिक क्षेत्र तक फैल चुकी है ,जिस पर काबू करना चुनौती बनी हुई है।



