फाटा – बड़ासू प्राचीन पैदल मार्ग को मोटर मार्ग बनाने की मांग

फाटा बड़ासू प्राचीन पैदल मार्ग को मोटर मार्ग बनाने की मांग को लेकर केदारनाथ विधायक को दिया ज्ञापन
ब्यूरो। फाटा – बड़ासू पैदल मार्ग को मोटर मार्ग बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल को ज्ञापन दिया।
बता दें कि, प्राचीन फाटा बड़ासू पैदल मार्ग ग्रामीणों के आवागमन का ही नहीं अपितु बाबा केदारनाथ की डोली का मार्ग भी था, साथ ही वर्षों पूर्व जब तीर्थ यात्री केदारनाथ धाम दर्शनों को पहुंचते थे तो इसी मार्ग से होकर धाम जाते थे। केदारनाथ आपदा से पूर्व फाटा – बड़ासू पैदल मार्ग पूर्ण तह क्षतिग्रस्त हो गया। धीरे – धीरे विभागीय अनदेखी व जन प्रतिनिधियों की बेरुखी के कारण इस पैदल मार्ग की किसी ने सुध नहीं ली। बड़ासू गांव के ग्रामीणों ने महिला मंगल दल अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा देवी के नेतृत्व में केदारनाथ विधायक को ज्ञापन देकर इस पैदल मार्ग को मोटर मार्ग बनाने की मांग की है।
फाटा बड़ासू पैदल मार्ग लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत है जिसकी विभाग कोई सुध नहीं लेता है। पैदल मार्ग पर गवनी गाड़ पर बना पुल पूर्ण तह क्षतिग्रस्त है, जिस पर आवागमन करना उपयोगी नहीं है।
ग्रामीण सेवानिवृत अध्यापक कुंवर सिंह रावत ने बताया कि प्राचीन समय से श्री केदारनाथ की उत्सव डोली का आवागमन इसी मार्ग से होता था। इसी मार्ग से राजकीय इंटर कॉलेज फाटा में अध्यनरत छात्र छात्राएं प्रतिदिन आवागमन करते थे। साथ ही यह मार्ग ग्राम रैल, जाल- चौमासी, चिलोण्ड, कोटमा सहित कालीमठ घाटी के पद यात्रियों, मवेशियों तथा व्यवसायियों के आवागमन का मार्ग था। यह वैकल्पिक मार्ग के रूप में भी विकसित किया गया था। आज पुन: इस मार्ग को बनाने की मांग जागृत होने लगी है। वर्तमान समय को देखते हुए इस मार्ग को मोटर मार्ग के रूप में विकसित किया जाय।
निवर्तमान ग्राम प्रधान बड़ासू ऊषा देवी ने बताया कि विभाग द्वारा कुछ समय पूर्व फाटा बड़ा सू पैदल मार्ग की सर्वे तो की गई लेकिन यह कार्य कागजों तक ही सीमित रह गया। पूर्व प्रधान महिपाल सिंह रावत ने बताया कि इस पैदल मार्ग के मोटर मार्ग के रूप लेने से गांव में बुजुर्ग एवं बच्चों को सहूलियत प्राप्त होगी।उन्होंने बताया कि केदारनाथ विधायक ने जल्द इस कार्य को प्रारंभ करने का आश्वाशन दिया है। ग्रामीण कुलदीप गंदवाण ने बताया कि विधायक केदारनाथ से मुलाकात सकारात्मक रही उन्होंने ग्रामवासियों को जल्द ही इस पैदल मार्ग को मोटर मार्ग के रूप में विकसित करने का आश्वासन दिया है।



