
रुद्रप्रयाग। तुंगनाथ ट्रेक पर गणेश मंदिर के पास एक महिला के गहरी खाई में गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ और आपदा मित्र की टीमें रेस्क्यू के लिए मौके पर पहुंचीं। बेहद गहरी खाई और अंधेरा होने के चलते रात में सर्च अभियान रोकना पड़ा। सुबह दोबारा शुरू किए गए रेस्क्यू अभियान में महिला का शव बरामद कर लिया गया। शव को अग्रिम कार्रवाई के लिए ऊखीमठ भेज दिया गया है।
रुद्रप्रयाग जिले के तुंगनाथ ट्रेक रूट पर रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया। गणेश मंदिर के पास एक महिला के गहरी खाई में गिरने की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को शाम करीब 6 बजकर 21 मिनट पर मिली।
सूचना मिलते ही डीडीआरएफ और आपदा मित्र की रेस्क्यू टीम को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। टीम के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद खाई बेहद गहरी होने की जानकारी सामने आई।
घटना की सूचना एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि और तहसीलदार ऊखीमठ को भी दी गई। इसके बाद डीडीआरएफ की ऊखीमठ टीम को भी मौके के लिए रवाना किया गया।
देर रात तक रेस्क्यू टीमें महिला की तलाश में सर्च अभियान चलाती रहीं। लेकिन खाई की गहराई और अंधेरा बढ़ने के कारण रात करीब 12 बजकर 30 मिनट पर अभियान को अस्थायी रूप से स्थगित करना पड़ा।
सुबह होते ही आपदा राहत टीमों ने एक बार फिर महिला की तलाश में सर्च अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला का शव खाई से बरामद कर लिया।
शव को बाहर निकालने के बाद अग्रिम कार्रवाई के लिए ऊखीमठ भेज दिया गया है। फिलहाल हादसे के कारणो जानकारी जुटाई जा रही है।
मृतका की पहचान पूजा साहनी उम्र 26 वर्ष निवासी पंजाब के रूप में हुई है।



