जागतोली महोत्सव में केदारघाटी मंडाण ग्रुप की नृत्य नाटिका रही आकर्षण

लक्ष्मण सिंह नेगी।
दशज्यूला महोत्सव के दूसरे दिन विद्यालयी प्रस्तुतियों और लोकगीतों ने बांधा समां ।
ऊखीमठ। दशज्यूला क्षेत्र की हृदयस्थली के रूप में विख्यात जागतोली के विशाल खेल मैदान में आयोजित पांच दिवसीय जागतोली दशज्यूला महोत्सव के दूसरे दिन लोक संस्कृति और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम रही। स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ लोक गायक मुकेश हटवाल की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा। वहीं आचार्य कृष्णानंद नौटियाल के निर्देशन में केदारघाटी मंडाण ग्रुप की नृत्य नाटिका दिनभर के कार्यक्रमों का मुख्य आकर्षण रही।
महोत्सव के दूसरे दिन पूर्व विधायक मनोज रावत ने बतौर मुख्य अतिथि तथा नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और आयोजकों को दशज्यूला क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपराओं एवं सामाजिक समरसता को मंच प्रदान करने के लिए बधाई दी।
महोत्सव में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं को जीवंत किया। विद्यालयी प्रस्तुतियों में पहाड़ की संस्कृति, रीति-रिवाज और लोक जीवन की झलक देखने को मिली। इसके बाद लोक गायक मुकेश हटवाल ने अपने लोकप्रिय लोकगीतों की प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया। महोत्सव के दूसरे दिन बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि मेले मिलन के त्योहार होते हैं तथा मेलों के आयोजन से आपसी सौहार्द बढ़ता है। नगर पालिका अध्यक्ष सन्तोष रावत ने कहा कि दशज्यूला क्षेत्र को प्रकृति ने अपने वैभवों का भरपूर दुलार दिया है इसलिए इस क्षेत्र में तीर्थाटन पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।
कार्यक्रम में आचार्य कृष्णानंद नौटियाल के निर्देशन में केदारघाटी मंडाण ग्रुप की नृत्य नाटिका ने विशेष छाप छोड़ी। पारंपरिक लोक वेशभूषा, संगीत, नृत्य और अभिनय के समन्वय से प्रस्तुत नृत्य नाटिका ने पहाड़ की सांस्कृतिक विरासत को प्रभावशाली ढंग से मंच पर उतारा। प्रस्तुति के दौरान दर्शक दीर्घा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठी । महोत्सव अध्यक्ष जयवर्धन काण्डपाल ने कहा कि महोत्सव के आगामी दिनों में भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोक प्रस्तुतियों और अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महोत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया। महोत्सव महासचिव कालिका काण्डपाल ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया जबकि संचालन राजेन्द्र काण्डपाल, वीरेन्द्र बर्त्वाल व नमिका काण्डपाल ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष अगस्त्यमुनि राजेन्द्र प्रसाद गोस्वामी, जिला पंचायत सदस्य कण्डारा अजयवीर भण्डारी, चोपता सम्पन्न नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य कुलदीप कण्डारी, कुंवर सजवाण, बल्देव नेगी, व्यापार संघ अध्यक्ष चोपता योगम्बर कुनियाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, महोत्सव समिति पदाधिकारी, सदस्य, विभिन्न विद्यालयों के नौनिहाल व भारी संख्या में दर्शक मौजूद थे।



