उत्तराखंडखास खबरेंरुद्रप्रयाग

सोनप्रयाग में शटल सेवा में बैठने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़, जान जोखिम में डाल वाहनों में बैठते श्रद्धालु

रूद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा में इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शनों को पहुँच रहे है। श्रद्धांलुओं की भीड़ से यात्रा मार्ग पर अव्यवस्थाओं ने भयावह रूप ले लिया है।
सोनप्रयाग में गौरीकुण्ड जाने के लिए शटल सेवा में बैठने को लेकर यात्रियों के भीड़ भगदड़ जैसे हालात बन रहे हैं। हालत इतने खराब हैं कि महिला और बुजुर्ग यात्री तक जान जोखिम में डालकर वाहनों की छतों पर चढ़ने को मजबूर दिखाई दे रहे हैं।

सोनप्रयाग में शटल पुल के पास पुलिस और प्रशासन लाइन व्यवस्था संभालने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहे हैं। यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से भेजने के बजाय एक साथ भीड़ छोड़ दी जा रही है, जिससे शटल वाहनों में बैठने के लिए अफरा-तफरी और धक्कामुक्की मच रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हालात किसी भी समय बड़े हादसे में बदल सकते हैं।
प्रशासन की ओर से दावा किया जा रहा है कि सोनप्रयाग से गौरीकुण्ड तक यात्रियों के लिए 250 से अधिक शटल वाहन लगाए गए हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। यात्रियों का आरोप है कि वाहन उपलब्ध होने के बावजूद पुलिस उन्हें जबरदस्ती पैदल भेज रही है, जबकि दूसरी ओर हजारों श्रद्धालु घंटों वाहन के इंतजार में परेशान खड़े हैं।
अत्यधिक भीड़ और अव्यवस्था के बीच बच्चे, महिला और बुजुर्ग श्रद्धालुओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई महिलाएं बच्चों को गोद में लेकर भीड़ के बीच संघर्ष करती नजर आईं, जबकि बुजुर्ग श्रद्धालु धक्कामुक्की के कारण बेहद परेशान दिखाई दिए।
सोनप्रयाग में शटल सेवा वाहनों में बैठने के लिए यात्रियों के बीच होड़ मची हुई है। नजारा ऐसा है मानो यात्रियों को किसी आपदा क्षेत्र से निकाला जा रहा हो। भीड़ नियंत्रण की कोई ठोस व्यवस्था नजर नहीं आ रही, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
बता दें, एक दिन पूर्व ही गढ़वाल परिक्षेत्र के आईजी राजीव स्वरूप ने सोनप्रयाग पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया था और व्यवस्थाओं पर संतोष जताया था। लेकिन अगले ही दिन हालात पूरी तरह बेकाबू नजर आए, जिससे प्रशासनिक दावों की पोल खुलती दिखाई दे रही है।
सवाल यह है कि आखिर करोड़ों की व्यवस्थाओं और बड़े-बड़े दावों के बावजूद श्रद्धालुओं को इस तरह जान जोखिम में डालकर यात्रा क्यों करनी पड़ रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!