उत्तराखंडफटाफट ख़बरें

कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी बोले— व्यापारी देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़, रुद्रप्रयाग नगर व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ,

रुद्रप्रयाग। नगर व्यापार मंडल रुद्रप्रयाग की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इस अवसर पर नवगठित कार्यकारिणी ने व्यापारियों के हितों की रक्षा, संगठन को सशक्त बनाने और बाजार के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की।

समारोह में नगर व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश सेमवाल, उपाध्यक्ष सचिन गुसाईं, महामंत्री तरुण पंवार, मंत्री सचिन गुप्ता, संगठन मंत्री शेखर चौधरी, कोषाध्यक्ष आशीष पाल, प्रचार मंत्री अनिल गुसाईं तथा ऑडिटर हरीश पैन्यूली सहित अन्य पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। सभी पदाधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारी वर्ग देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि छोटे से लेकर बड़े व्यापारी तक आर्थिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। व्यापार जितना सशक्त होगा, रोजगार के अवसर उतने ही बढ़ेंगे और प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, व्यापार को प्रोत्साहन देने और बेहतर व्यापारिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार और व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय से विकास की रफ्तार और तेज होगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है तथा नई कार्यकारिणी व्यापारियों और प्रशासन के बीच मजबूत सेतु का कार्य करेगी।

विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी ने कहा कि चारधाम यात्रा की सफलता में व्यापारी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनके हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं।

नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह बिष्ट ने सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व पूरे व्यापारिक समाज का है और संगठन सभी व्यापारियों को साथ लेकर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि बाजार से जुड़ी प्रत्येक समस्या के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी तथा व्यापारियों की आवाज को प्रशासन और सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।

महामंत्री तरुण पंवार ने कहा कि नई कार्यकारिणी पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करेगी। व्यापारियों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर गंभीरता से काम करते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से संगठन को सशक्त बनाने में सहयोग की भी अपील की।

कोषाध्यक्ष आशीष पाल ने कहा कि व्यापार मंडल व्यापारियों के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेगा। संगठन पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए व्यापारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा और बाजार के विकास के लिए निरंतर प्रयास करेगा।

समारोह के दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। उपस्थित व्यापारियों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नई टीम व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, बाजार के विकास और व्यापारिक हितों की प्रभावी पैरवी करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। समारोह सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

इस मौके पर भाजपा नेता वाचस्पति सेमवाल, उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अंकुर खन्ना, चंद्रमोहन सेमवाल, राजेश नेगी, मदन सिंह रावत, मोहन रौतेला, राम गोस्वामी, अंकित गैरोला, त्रिभुवन नेगी सहित अन्य मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!