गौशाला में जली हालत में मिला 18 वर्षीय युवक का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मृत्यु के कारणों की होगी जांच

गौशाला में जली हालत में मिला 18 वर्षीय युवक का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मृत्यु के कारणों की होगी जांच
रूद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लॉक के ग्राम डोभा – भौंसाल में मंगलवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मृत 18 वर्षीय रोशन सिंह का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों द्वारा अंतिम संस्कार किया गया। अचानक हुई इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है।
जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष राजीव चौहान ने बताया कि मंगलवार देर रात हुई घटना की जानकारी बुधवार सुबह परिजनों से प्राप्त होने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो बुरी तरह आग में जला 18 वर्षीय रोशन सिंह पुत्र गोपाल सिंह राणा का शव घर से 20 मीटर की दूर पर प्रेम सिंह की गौशाला के छोटे से कमरे में मिला। परिजन एवं मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बुधवार सुबह जब परिजन गौशाला पहुंचे तो रोशन को जली हुई हालात में मृत देखकर हतप्रभ हो गए। परिजनों के चीखने चिल्लाने पर गांववासी एकत्रित हुए। सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुँची, शव का पंचनामा भरकर, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों की जांच की जायेगी।
मृतक रोशन राइका अगस्त्यमुनि में कक्षा 11 वीं का छात्र था। इसके पिता गोपाल सिंह राणा अगस्त्यमुनि में मेडिकल स्टोर चलाते हैं। इन दिनों रोशन अपने परिवार के साथ होली मनाने के लिए अपने गांव डोभा गया था। रोशन के 12 वर्षीय चचेरे भाई का कहना है कि शांत स्वभाव का रोशन ने दिनभर होली मनाने के बाद रात को 10 बजे तक मेरे साथ रहकर मोबाइल पर डरावनी पिक्चर चला रहा था। जिसके बाद वो बाथरूम जाने को बोलकर कमरे से बाहर निकल गया। जिसके बाद मुझे नींद आ गयी। जबकि रोशन के मां पिता व छोटी बहन दूसरे कमरे में सो रहे थे। घर के बिल्कुल नजदीक हुए इस घटना के बाद से परिजन सकते में है।



