बीकेटीसी अध्यक्ष ने राज्यपाल से की मुलाकात

देहरादून। श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति(बीकेटीसी) के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से शनिवार को शिष्टाचार भेंट की।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने यात्रा की तैयारियों और सफल संचालन हेतु की गयी व्यवस्थाओं की जानकारी महामहिम राज्यपाल को दी। उन्होंने श्री बद्रीनाथ एवं श्री केदारनाथ में पुनर्निर्माण के कार्यों की प्रगति के बारे में भी उनको अवगत कराया।
इसके साथ ही बीकेटीसी अध्यक्ष ने कपाट खुलने के अवसर पर राज्यपाल को आमंत्रित किया।
राज्यपाल ने कहा कि इसी माह से शुरू हो रही प्रसिद्व चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं में अलग उत्साह रहता है। उन्होंने कहा हमें श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के साथ ही हमारा प्रयास रहे कि चारधाम यात्रा पर पहुंच प्रत्येक यात्री अपनी यात्रा से संतुष्ट होकर जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा सीजन में स्थानीय लोगो की साझेदारी शामिल हो। राज्यपाल ने कहा कि गत वर्ष की यात्रा में रही चुनौतियों से सबक सीखते हुए इस वर्ष उन्हें दूर करने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक बढ़ावा दिये जाने का प्रयास किया जाए। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिये जाने के लिए माननीय प्रधानमंत्री जी ने भी आह्वान किया है कि यात्री अपने यात्रा का 5 प्रतिशत खर्च स्थानीय उत्पादों को खरीदने में करें। राज्यपाल ने कहा कि हमें यात्रा मार्गों पर सफाई का विशेष ध्यान रखना होगा जिससे श्रद्धालु यहां से अच्छी यादें लेकर जाए।



