बड़ी खबर : खनन माफिया बेखौफ, पुलिसकर्मी पर चढ़ाया ट्रैक्टर, सीएम धामी ने दिए जांच के आदेश.….

खनन माफिया बेखौफ, पुलिसकर्मी पर चढ़ाया ट्रेक्टर, सीएम धामी ने दिए जांच के आदेश
देहरादून। प्रदेश में खनन माफियाओं के हौसले पूरी तरह बुलंद है। खनन माफियाओं में अब प्रशासन का खौफ भी नहीं है।
बता दें कि, देहरादून के थाना कैंट क्षेत्र में खनन माफिया ने एक पुलिसकर्मी पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, पुलिसकर्मी की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं मामले का संज्ञान लेते हुए सीएम धामी ने बड़ा एक्शन लिया है, सीएम ने अफसरों को आदेश दिया कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करें। इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार जैतनवाला क्षेत्र में सिपाही मनोज राणा को शिकायत मिली थी कि ट्रैक्टर ट्रॉली से खनन सामग्री लाई जा रही है। सूचना के बाद सिपाही ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर चालक से बात की लेकिन चालक ने ट्रैक्टर रोकने के बजाय टैक्टर को सिपाही पर ही चढ़ा दिया और फरार हो गया। ट्रैक्टर की चपेट में आने से सिपाही वहीं सड़क पर ही गिर गया सूचना पर पहुंची कैंट कोतवाली पुलिस ने घायल सिपाही को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि सिपाही की हालत गंभीर है, उसके सिर और पैर में गंभीर चोट आई है। सिपाही का सिनर्जी अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मामले में कार्यवाही शुरू करते ही ट्रैक्टर चालक वसीम के खिलाफ जानलेवा हमले के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही जैतनवाला में अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। पूरे मामले की जांच एसपी क्राइम को दे दी गई है। वहीं मामले की घटना का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए डीजीपी व गृह विभाग के अफसरों को तलब कर पूरी रिपोर्ट प्राप्त की है।



