बड़ी खबर : दरोगा ने की पत्रकार से बदसलूकी, सीएम धामी ने लिया संज्ञान, डीजीपी ने किया निलंबित

देहरादून। दशहरा मेला कवर करने परेड ग्राउंड गए पत्रकार के साथ एक दरोगा ने बदसलूकी की। दरोगा ने रौब दिखाते हुए पत्रकार को आयोजन स्थल से धक्का मार कर बाहर निकाल दिया। पत्रकार ने अपना भी दिया लेकिन दरोगा शांत नहीं हुआ, और पत्रकार को धौंस दिखाता रहा। वीडियो प्रसारित होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना का संज्ञान लेते हुए डीजीपी को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। हालांकि मामले को लेकर बड़ी संख्या में पत्रकारों ने पुलिस महानिदेशक से मुलाकात कर कार्यवाही की मांग की। जिस पर पुलिस महानिदेशक ने दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए। एसएसपी अजय सिंह ने मामले की जांच डालनवाला सीओ को सौंपकर तीन दिन में रिपोर्ट मांगी है।
बता दें कि ,बीते मंगलवार को परेड ग्राउंड में दशहरा मेले का आयोजन किया गया जिसमें हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस फोर्स तो तैनात थी लेकिन यहां पुलिस की लापरवाही उजागर हुई और मेले में अव्यवस्थाओं का बोलबाला रहा। वहीं परेड ग्राउंड में एसओजी में तैनात दरोगा हर्ष अरोडा की भी ड्यूटी लगाई गई थी। भीड़ को न संभाल पाने पर दरोगा झल्ला उठा और रौब दिखाने लगा, मेले की कवरेज को पहुंचे हिंदी समाचार पत्र के वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश सती और कुछ अन्य मीडिया कर्मी एक स्थान पर खड़े होकर आयोजन देखने लगे। तभी दरोगा हर्ष अरोडा उनके पास आकर उन्हें वहां से जाने को कहने लगा, पत्रकारों ने अपना परिचय दिया और मेले की कवरेज की बात कही, लेकिन दरोगा ने गुस्से में उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। दरोगा ने अभद्रता करते हुए वरिष्ठ पत्रकार को धक्का मारा और रौब दिखाते हुए मैदान से बाहर की ओर ले गया। वहां तैनात एसएचओ डालनवाला राजेश साह वह अन्य पुलिस अधिकारियों ने पत्रकार को पहचान और दरोगा को रोका। बुधवार को इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। मामला संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने दरोगा हर्ष अरोडा को लाइन हाजिर करने के आदेश दे दिए और जांच सीओ डालनवाला को सौंप दी।
वहीं, इसके बाद प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष नवीन थलेड़ी और भूपेंद्र कंडारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पत्रकार पुलिस मुख्यालय पहुंचे, पत्रकारों ने पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार से मुलाकात कर पुलिस के रवैये पर सवाल उठाए। साथ ही घटना की निंदा करते हुए कड़ी कार्यवाही की मांग की ।



