ऊखीमठ में बीडीसी बैठक सम्पन्न, सड़क, पेयजल, सहित क्षेत्रीय समस्याएं रही प्रमुख, विकास कार्यों एवं योजनाओं की हुई समीक्षा

ऊखीमठ। विकासखंड ऊखीमठ में शुक्रवार को ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल भी उपस्थित रहीं। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों, विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधानों तथा जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी पेयजल, सड़क, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई सहित अन्य जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों के समक्ष समाधान की मांग रखी।
बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के साथ विभागवार विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान पेयजल निगम, जल संस्थान, स्वजल, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना , , राष्ट्रीय राजमार्ग, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, , सिंचाई एवं लघु सिंचाई, ग्रामीण निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं लंबित कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को विभिन्न विकास कार्यों में तेजी लाने तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर केदारनाथ विधायक श्रीमति आशा नौटियाल ने कहा कि बीडीसी बैठक जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करने का महत्वपूर्ण मंच है। क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं ग्राम प्रधान अपने क्षेत्रों की समस्याओं को जनता के बीच रहकर सदन तक पहुंचाते हैं, इसलिए उनके द्वारा उठाए गए प्रत्येक विषय को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा रखी गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए तथा जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव है, उनमें बिना विलंब कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है । विभागीय अधिकारी नियमित रूप से जनप्रतिनिधियों के संपर्क में रहकर विकास कार्यों की प्रगति से उन्हें अवगत कराएं तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला ने कहा कि क्षेत्र पंचायत की बैठक केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि विकास कार्यों की समीक्षा और जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा जिन समस्याओं और सुझावों को रखा गया है, उन पर सभी संबंधित विभाग गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि प्रत्येक शिकायत एवं विकास कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि विकासखंड के समग्र विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है और सभी विभाग जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख राकेश सिंह नेगी, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, जिला पंचायत सदस्य अमित मेखंडी, जिला पंचायत सदस्य ल्वारा सुबोध उनियाल, प्रधान संगठन के अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान जालमल्ला त्रिलोक सिंह रावत, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, खंड विकास अधिकारी ऊखीमठ अनुष्का, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ राकेश प्रकाश नैथानी, अधिशासी अभियंता विद्युत मनोज कुमार सती, अधिशासी अभियंता जल संस्थान, जल निगम सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



