उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

8 घंटे बाद खुला बाबा केदार का मार्ग,, भक्तों ने ली राहत की सांस, छौड़ी के पास घंटों की मशक्कत के बाद हटाया गया मलबा और बोल्डर

केदारनाथ पैदल मार्ग खुला, तीर्थ यात्रियों ने ली राहत की सांस

डीडीआरएफ, पुलिस और मजदूरों ने बहाल की आवाजाही

रूद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर गौरीकुण्ड से लगभग एक किलोमीटर आगे छौड़ी क्षेत्र में पहाड़ी से भारी बोल्डर और मलबा गिरने के कारण बाधित हुआ मार्ग आखिरकार घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दोबारा सुचारु कर दिया गया। मार्ग खुलते ही रुके हुए तीर्थ यात्रियों ने राहत की सांस ली और प्रशासन की निगरानी में यात्रा फिर से शुरू कराई गई।

मंगलवार देर रात हुई भारी बारिश के बाद छौड़ी क्षेत्र में अचानक भूस्खलन होने से पैदल मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था। सुरक्षा के मद्देनज़र प्रशासन ने तत्काल यात्रियों की आवाजाही रोक दी थी और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया था।

बुधवार सुबह से ही डीडीआरएफ, पुलिस और मजदूरों की संयुक्त टीम राहत एवं बहाली कार्य में जुट गई। लगातार प्रयासों के बाद मार्ग से बोल्डर और मलबा हटाकर उसे दोबारा आवाजाही के लिए सुरक्षित बनाया गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि कई घंटों की लगातार मशक्कत के बाद पैदल मार्ग को सुचारु कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि यात्रा प्रशासन की निगरानी में संचालित की जा रही है तथा यात्रियों से मौसम को देखते हुए पूरी सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!