एक सप्ताह में पूरी करें आधार सीडिंग-डीबीटी, वरना होगी कार्रवाई : जिलाधिकारी

एक सप्ताह में पूरी करें आधार सीडिंग-डीबीटी, वरना होगी कार्रवाई : जिलाधिकारी
रूद्रप्रयाग। समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजना से वंचित 498 छात्र-छात्राओं के बैंक खाते एक सप्ताह के भीतर आधार सीडेड और डीबीटी इनेबल कराने के निर्देश जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने दिए हैं।
जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त उच्च शिक्षण संस्थानों और समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक बैंक खाते आधार से लिंक न होने के कारण छात्रवृत्ति से वंचित छात्रों का डाटा तत्काल दुरुस्त किया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत जनपद में कुल 498 छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति से वंचित हैं। इनमें विकासखंड अगस्त्यमुनि के 232, जखोली के 194 और विकासखंड ऊखीमठ के 72 लाभार्थी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि जिन छात्र-छात्राओं का किसी कारण से आधार सीडिंग संभव नहीं है, उनका वास्तविक विवरण शीघ्र जिला समाज कल्याण अधिकारी को उपलब्ध कराया जाए। पूर्व में भी शत-प्रतिशत आधार सीडिंग के निर्देश दिए जा चुके हैं। निर्धारित समयावधि में कार्य पूरा कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि इसमें लापरवाही बरतने पर संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पात्र छात्र-छात्राएं योजना के लाभ से वंचित न रहें, इसके लिए सभी संस्थान प्राथमिकता पर कार्यवाही सुनिश्चित करें।



