स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रत्येक लाभार्थी तक पहुंचाने के लिए 17 सितंबर से 105 दिनों तक जनपद में चलाया जाएगा आयुष्मान भवः अभियान

स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रत्येक लाभार्थी तक पहुंचाने के लिए 17 सितंबर से 105 दिनों तक जनपद में चलाया जाएगा आयुष्मान भवः अभियान
रुद्रप्रयाग। स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच प्रत्येक लाभार्थी तक सुनिश्चित करने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए 17 सितंबर से अगले 105 दिनों तक जनपद में आयुष्मान भवः अभियान चलाया जाएगा। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्य विकास अधिकारी श्री नरेश कुमार ने बताया कि अभियान के तहत जनपद में 61 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में 976 साप्ताहिक स्वास्थ्य मेले व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली व अगस्त्यमुनि में मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के सहयोग से 02 विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवा मेलों, 02 रक्तदान शिविर व 18 रक्तदान पंजीकरण शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी श्री नरेश कुमार द्वारा शुक्रवार को जनपद में आयुष्मान भवः अभियान की रूपरेखा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक शनिवार को जनपद के 61 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में साप्ताहिक स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा। बताया कि 31 दिसंबर तक 61 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में 976 साप्ताहिक स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के सहयोग से विशेषज्ञ सेवा प्रदान करने के लिए 22 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली व 27 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि में साप्ताहिक स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा। बताया कि 02 अक्टूबर को ग्राम सभा स्तर पर आयुष्मान सभा का आयोजन किया जाएगा व आयुष्मान कार्ड के छूटे हुए पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर उनके कार्ड बनाए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 एचसीएस मर्तोलिया ने बताया कि इसके अतिरिक्त जिला चिकित्सालय रूद्रप्रयाग व सीएचसी अगस्त्यमुनि में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जबकि 18 चिकित्सा इकाईयों में रक्तदान पंजीकरण शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 17 से 02 अक्टूबर तक प्रत्येक चिकित्सा इकाई में स्वच्छता अभियान भी चलाने के साथ-साथ स्वैच्छिक अंगदान के लिए जानकारी प्रदान करते हुए जागरूकता फैलाने व अंगदान की शपथ भी दिलाई जाएगी।



