केदारनाथ धाम में मां मंदाकिनी की आरती शीतकाल के लिए हुई बंद

कार्तिक मास की संक्रांति पर केदारनाथ स्थित गंगा आरती शीतकाल के लिए बंद।
केदारनाथ। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में मां मंदाकिनी की आरती आज शुक्रवार से विधिवत पूजा पाठ व हवन कर शीतकाल के लिए बंद हो गई। अगले वर्ष बाबा केदारनाथ के कपाट खुलते ही पुनः मां मंदाकिनी की आरती शुरू होगी।
शुक्रवार को प्रातः 10 बजे श्री केदार सभा तीर्थ पुरोहित व बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अधिकारी व कर्मचारी मंदाकिनी तट पर पूजा व हवन में सम्मिलित हुए। मां मंदाकिनी की पूजा अर्चना व हवन के पश्चात आरती सम्पन्न हुई। इस मौके पर मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, श्री केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, महामंत्री राजेंद्र प्रसाद तिवारी, मंत्री अंकित सेमवाल, मीडिया प्रभारी पंकज शुक्ला, उमेश पोस्ती, दिलीप तिनसोला रोशन त्रिवेदी, पारेश्वर त्रिवेदी, प्रदीप शर्मा सहित श्रद्धालु उपस्थित रहे।



