तालतोली में भगवती राज-राजेश्वरी का दो दिवसीय मेला, बसन्त नवरात्रों की अष्टमी व नवमी पर होता है आयोजित

लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। ल्वारा न्याय पंचायत के 11 गांवों की आराध्य देवी भगवती राज-राजेश्वरी की तपस्थली तालतोली में दो दिवसीय पारंपरिक मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया है। मेले के प्रथम दिवस पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवती के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
मेले का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं ने मां भगवती राज-राजेश्वरी के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि, शांति एवं परिवार की कुशलक्षेम की कामना की। मान्यता है कि तालतोली स्थित भगवती राज-राजेश्वरी 11 गांवों की अधिष्ठात्री देवी हैं, जिनकी कृपा से क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि बनी रहती है। मेले के अवसर पर देवी ने भक्तों को आशीर्वाद देते हुए उनके जीवन में सुख-समृद्धि और मंगलमय भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने भी तालतोली पहुंचकर भगवती के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने क्षेत्र की खुशहाली एवं विश्व शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए स्थानीय जनता और मन्दिर समिति की सराहना की। मेले में पारंपरिक झांकियां, धार्मिक अनुष्ठान और लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। महिला मंगल दलों एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजन-कीर्तन और लोक गीतों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आयोजन समिति एवं ग्रामीणो द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
मेले के दूसरे दिन भी विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मेले को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह बना हुआ है। तालतोली मन्दिर समिति अध्यक्ष कलम सिंह राणा ने बताया कि 11 गांवों के ग्रामीणो व मन्दिर समिति द्वारा प्रति वर्ष बसन्त नवरात्रों में अष्टमी व नवमी के पावन अवसर पर दो दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता है । इस मौके पर पण्डित चन्द्र शेखर पारकोटी, उपाध्यक्ष दयाल सिंह राणा, मंत्री दौलत सिंह रावत, उपमंत्री आनन्द सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष देवी प्रसाद बगवाडी, प्रधान सरिता रावत, मनीषा देवी, पूजा देवी, पूर्व प्रधान माधव कर्नाटकी , अवतार सिंह नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेन्द्र सिंह नेगी, माधव शाह , मनवर सिंह धिरवाण, दान सिंह धिरवाण, भरत राणा, ओकार धिरवाण, हुक्म सिंह पंवार, सुरेन्द्र सिंह वाजपेई, मेहरवान सिंह नेगी, गोपाल सिंह धिरवाण , सुरेन्द्र नेगी , कुंवर सिंह नेगी, प्रेम सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि व हजारों श्रद्धालु मौजूद थे।



