उत्तराखंडखास खबरें

केदारनाथ यात्रा में घोड़े-खच्चरों के संचालन को लेकर समीक्षा बैठक, पशु क्रूरता रोकने, निर्धारित क्षमता के अनुरूप संचालन के निर्देश

रूद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा पैदल मार्ग पर घोड़े-खच्चरों के संचालन, पशु कल्याण एवं पशु क्रूरता की रोकथाम को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों एवं पीपल फॉर एनिमल्स (People for Animals) की ट्रस्टी गौरी मौलेखी के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में पशुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य जांच तथा यात्रा मार्ग पर निर्धारित नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान पशु क्रूरता की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर निगरानी की जा रही है। पशु क्रूरता के मामले सामने आने पर एफआईआर दर्ज कराते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि घोड़े-खच्चरों की नियमित चिकित्सा जांच सुनिश्चित की जाए तथा बीमार एवं अस्वस्थ पशुओं का संचालन न होने दिया जाए। पशुओं के लिए गर्म पानी की उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने, निर्धारित मानकों के अनुरूप पशुओं की भार वहन क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को ले जाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं को यात्रा संबंधी दिशा-निर्देश एवं मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की जानकारी ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराई जाए, ताकि डिजिटल संदेशों के माध्यम से उन्हें पहले से ही आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया जा सके। इसके साथ ही पशु कल्याण एवं स्वास्थ्य संबंधी एडवाइजरी होटल, गेस्ट हाउस, जीएमवीएन परिसरों, पार्किंग स्थलों, होर्डिंग एवं साइनेज के माध्यम से व्यापक रूप से प्रसारित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान गौरी मौलेखी ने पशु कल्याण एवं घोड़े-खच्चरों के संचालन से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर जिलाधिकारी के साथ चर्चा की। जिलाधिकारी ने उन्हें आश्वस्त किया कि पशुओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के संबंध में प्रशासन द्वारा निरंतर निगरानी रखी जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत वीरेंद्र गुसाईं, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!