केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं का आईजी गढ़वाल ने लिया जायजा, यात्रा मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ संवेदनशील स्थानों की विशेष निगरानी

लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने रविवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
धाम पहुंचने पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। पुलिस महानिदेशक ने मंदिर परिसर, यात्रा मार्ग, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था तथा सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस जवानों से जानकारी ली। उन्होंने यात्रा ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
केदारनाथ धाम से लौटने के बाद में लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ के विश्राम गृह मे एक भेंट वार्ता में पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप ने कहा कि इस वर्ष चार धाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं पहुंच रहे है, जिसके दृष्टिगत सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को मजबूत किया गया है। यात्रा मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग आधुनिक तकनीकों का भी उपयोग कर रहा है। सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम एवं संचार व्यवस्था के माध्यम से यात्रा गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए भी पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम में तीर्थ यात्रियों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से केदारनाथ धाम में प्रतिदिन सुबह केदार सभा, तीर्थ पुरोहित समाज, मन्दिर समिति व स्थानीय प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक के निर्देश पुलिस प्रशासन के उच्चाधिकारियों को दिये गये है। उन्होंने कहा कि ऋर्षिकेश, तपोवन व मुनि की रेती में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक को वन-वे किया गया है। उन्होंने कहा कि चार धाम यात्रा रूट को 149 सेक्टरों में विभाजित किया गया है तथा प्रति 10 किमी की दूरी पर दो पुलिस जवानों को मेडिकल किट के साथ तैनात किया गया है । कहा कि चार धाम यात्रा में आपदा की दृष्टि से 48 स्थान चयनित किए गए हैं तथा मानसून से पूर्व सभी संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा पर निकलने की अपील की। कहा कि सभी विभागों के समन्वय से चार धाम यात्रा को सुरक्षित एवं सफल बनाया जा रहा है।



