उत्तराखंडखास खबरेंराष्ट्रीय

विद्यालय में कक्षा तीन के छात्र की हुई पिटाई, इलाज के दौरान मौत

रुड़की के भगवानपुर कस्बा निवासी एक छात्र की स्कूल में पिटाई के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने स्कूल संचालक पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।भगवानपुर कस्बा निवासी नसीम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका पोता अली (9) कस्बे के एक इंटर कॉलेज में कक्षा तीन में पढ़ता था। नौ दिसंबर को भी वह पढ़ने गया था। वहां किसी बात को लेकर स्कूल संचालक जीशान अली ने उसे बुरी तरह पीट दिया। उसके कान और मुंह से लगातार खून बहने लगा। छात्र के परिजनों ने पहले तो उसे सहारनपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने छात्र की हालत गंभीर देखते हुए उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया था। मंगलवार देर रात इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई।

छात्र की मौत की सूचना पर बुधवार सुबह ही गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने कॉलेज पहुंचकर संचालक पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इसी बीच हंगामे की सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। भगवानपुर थाना प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि छात्र की मामले में भगवानपुर निवासी आरोपी जीशान अली के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने जानकारी दी है कि छात्र की मौत सिर में चोट लगने के कारण हुई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!