त्रियुगीनारायण के युवा की उपलब्धि कॉमर्स विभाग से पीएचडी की उपाधि प्राप्त

त्रियुगीनारायण के युवा की उपलब्धि कॉमर्स विभाग से पीएचडी की उपाधि प्राप्त
श्रीनगर (गढ़वाल)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत समारोह में इस बार शिक्षा के साथ-साथ पहाड़ी संस्कृति की अनोखी झलक देखने को मिली। पहली बार अंग्रेजी गाउन के स्थान पर पारंपरिक पहाड़ी परिधान को बढ़ावा दिया गया, जिसके तहत विश्वविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को पहाड़ी टोपी एवं पटका प्रदान किए गए।
इसी गरिमामय समारोह में जनपद रुद्रप्रयाग के सीमांत गांव त्रियुगीनारायण निवासी युवा सामाजिक कार्यकर्ता एवं शोधार्थी अर्जुन कृष्ण गैरोला को कॉमर्स विभाग से पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई।
उनका शोध विषय “Garhwal Himalaya में Sustainable Tourism की Economic Viability का अध्ययन” (गढ़वाल हिमालय में सतत पर्यटन की आर्थिक व्यवहार्यता) रहा, जो क्षेत्रीय विकास एवं पर्यटन की संभावनाओं से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय है। उनके शोध कार्य का मार्गदर्शन प्रोफेसर अतुल ध्यानी द्वारा किया गया।
अर्जुन कृष्ण गैरोला सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। इस उपलब्धि से उनके परिवार एवं क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने स्वर्गीय पिता अमरनाथ गैरोला, माता एवं गुरुजनों को दिया।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक मजबूती से निभाने की प्रेरणा है। उन्होंने आगे भी अपने क्षेत्र एवं समाज के विकास के लिए निरंतर कार्य करने की बात कही।
दीक्षांत समारोह में पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा देने की इस पहल ने न केवल विद्यार्थियों में उत्साह बढ़ाया, बल्कि अपनी जड़ों एवं पहचान से जुड़े रहने का भी संदेश दिया।



