उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयागलाइफस्टाइलसेना

शहीद नायब सूबेदार गोपाल राम जी के आंगन से मिट्टी सैन्य धाम के लिए संकलित, पैतृक ग्राम भणज में निकाली गई शहीद सम्मान यात्रा

रुद्रप्रयाग। जिला सैनिक कल्याण विभाग के तत्वावधान में भव्य शहीद सम्मान यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा शहीद नायब सूबेदार गोपाल राम की स्मृति में उनके पैतृक ग्राम भणज, पोस्ट मचकंडी, तहसील ऊखीमठ में निकाली गई। इस दौरान गाँव-गाँव से बड़ी संख्या में ग्रामीण जन यात्रा में सम्मिलित हुए और शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।यात्रा के दौरान वातावरण गगनभेदी नारों से गूँज उठा। जब लोगों ने नायब सूबेदार गोपाल राम जी की वीरता और उनके बलिदान को याद किया, तो हर किसी की आँखें नम हो गईं। इस अवसर पर शहीद के आवास से उनके आँगन की पावन मिट्टी को ताम्र कलश में संग्रहित किया गया। इस मिट्टी का उपयोग देहरादून में बन रहे सैन्य धाम में किया जाएगा, जहाँ प्रदेश के वीर शहीदों की स्मृति सदैव जीवित रहेगी।

कार्यक्रम की शुरुआत में जिला प्रशासन, तहसील प्रशासन तथा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में दीप प्रज्वलन किया गया। इसके बाद शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। स्थानीय विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल ने शहीद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र की धरोहर है और हमें सदैव इन्हें याद रखना चाहिए। उन्होंने कहा देश की सीमाओं की रक्षा के लिए हमारी सेना हर पल तत्पर रहती है। इन्हीं वीर सपूतों के कारण हम देश के भीतर शांति और सुरक्षा का अनुभव कर पाते हैं।विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि उत्तराखंड की धरा वीरता और शौर्य की कहानियों से ओतप्रोत है। प्रदेश को सैन्य धाम के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि यहाँ के शहीदों की गाथाएँ सदैव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहें। उन्होंने आश्वासन दिया कि शहीद परिवारों की हर कठिन घड़ी में सरकार और समाज एक साथ खड़ा रहेगा।

इस अवसर पर शहीद की धर्मपत्नी श्रीमती सुलोचना देवी एवं ग्रामीणों ने विधायक आशा नौटियाल को यह प्रस्ताव भी दिया कि राजकीय इंटर कॉलेज भणज का नाम शहीद नायब सूबेदार गोपाल राम के नाम पर रखा जाए।

इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख अगस्त्यमुनि भुवनेश्वरी देवी, तहसीलदार ऊखीमठ प्रदीप नेगी, सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी अनसूया सिंह बिष्ट, पूर्व सैनिक राय सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुमन नेगी, मंडल अध्यक्ष बृजमोहन नेगी, सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!