शराब तस्करी कर रहे व्यक्ति को स्थानीय युवा ने पहुंचाया थाने, पुलिस ने किया चालान

बिपिन सेमवाल
गुप्तकाशी। पुलिस ने नेपाली मूल के एक व्यक्ति कमल शाही को अवैध शराब के साथ पकड़कर धारा 81 के तहत पुलिस एक्ट में चालान कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार केदारनाथ हेली सेवा संगठन के अध्यक्ष सुभाष अन्थवाल ने गुप्तकाशी मेन मार्केट से उक्त नेपाली को अवैध शराब के साथ पकड़कर उसे खुद थाने पहुंचाया था। इस दौरान सुभाष अन्थवाल और पुलिस कर्मियों के बीच तीखी नोंक झोंक भी हुई। सुभाष ने बताया कि आस्था और आध्यात्म का पवित्र केंद्र गुप्तकाशी में कई वर्षों से अवैध शराब का कारोबार खूब फल फूल रहा है । उन्होंने कहा कि इस तरह से अवैध शराब का बेखौफ कारोबार किसकी शह में हो रहा है,सोचनीय विषय है। श्री अन्थवाल ने कहा कि जब उक्त अवैध शराब कारोबारी को शराब के साथ थाने में पहुंचाया गया, तो इस दौरान थाना अध्यक्ष कुलदीप पंत द्वारा उनके साथ अभद्रता की गई और उन्हें शीघ्र थाने से निकल जाने के लिए इंगित भी किया गया। कहा कि थानाध्यक्ष द्वारा बजाय नेपाली को डांटने के उनके साथ अभद्रता की गई और सख्त लफ्जों में उन्हें थाने से बाहर जाने की हिदायत दी।
श्री अन्थवाल ने कहा कि जो कार्य पुलिस प्रशासन को करना चाहिए था, उसे वे खुद कर रहे हैं। बावजूद इसके उनके साथ गाली गलौज और अभद्रता की गई। कहा कि केदारनाथ में कुछ दिन पूर्व एक पुलिस कर्मी द्वारा हेली सेवा में नियुक्त एक स्थानीय व्यक्ति को बेरहमी से पीटा गया।
उन्होंने कहा कि बतौर केदारनाथ हेली सेवा संगठन के अध्यक्ष उन्होंने इस बात को फेस बुक वाल में भी शेयर की थी, जिसका खामियाजा उन्हें पुलिस द्वारा की जा रही अभद्रता से भुगतना पड़ रहा है। कहा कि क्षेत्र के सैकड़ो युवाओं द्वारा आगामी दिनों में इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की जाएगी, और जरूरत पड़ने पर पुलिस प्रशासन के विरुद्ध अनशन भी किया जायेगा।उन्होंने कहा कि वह चुप बैठने वाले नहीं है, यदि पुलिस प्रशासन का एक पदाधिकारी के प्रति ऐसा घटिया रवैया है, तो आम आदमी के प्रति क्या होगा। वही थानाध्यक्ष कुलदीप पंत से इस बाबत बात की गई तो, उन्होंने बताया कि उक्त व्यक्ति द्वारा खुद उनके साथ अभद्रता की गई। कहा कि आवेश में आकर सुभाष द्वारा कई पुलिस के विरुद्ध बोला गया। जिसे लेकर उन्होंने उसे थाने से बाहर जाने के लिए कहा गया । उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन आम आदमी के हितों की रक्षा के लिए सेवा में तत्परहै।



