मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर केदारनाथ धाम में विशेष पूजा

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर केदारनाथ धाम में विशेष पूजा, विश्व कल्याण की कामना
रुद्रप्रयाग। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में केदारनाथ धाम में विशेष पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बाबा केदार के समक्ष देश की उन्नति, समृद्धि तथा विश्व कल्याण की कामना की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं जनप्रतिनिधियों ने भगवान केदारनाथ का विधिवत जलाभिषेक कर राष्ट्र के सुख, शांति और विकास के लिए प्रार्थना की। धाम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी शामिल हुए।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कपरवाण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, आधारभूत संरचना, पर्यटन, धार्मिक स्थलों के पुनर्विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि बाबा केदार के आशीर्वाद से देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे तथा विश्व में शांति और मानव कल्याण का संदेश प्रसारित होता रहे, इसी भावना के साथ विशेष पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक किया गया।
उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण और विकास प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। इस अवसर पर सभी ने राष्ट्र की समृद्धि और विश्व कल्याण के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज श्री केदारनाथ धाम में विशेष पूजा-अर्चना एवं बाबा केदार का जलाभिषेक किया गया। हमने देश की उन्नति, समृद्धि, सुख-शांति और विश्व कल्याण की कामना की है। बाबा केदार का आशीर्वाद देशवासियों पर बना रहे और भारत निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित करे, यही हमारी प्रार्थना है।



