
अंकिता हत्याकांड में VIP का खुलासा नही होने पर गुस्साए आंदोलनकारियों ने किया सीएम आवास कूच
देहरादून। अंकिता हत्याकांड में सीबीआइ जांच और वीआइपी के नाम का खुलासा करने की मांग को लेकर ऋषिकेश में पिछले पांच दिनों से ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र रमोला सहित तमाम लोगों द्वारा आमरण अनशन पर बैठकर आंदोलन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज शनिवार को जयेंद्र रमोला के नेतृत्व में सभी आंदोलनकारी अंकिता हत्याकांड में सीबीआई जांच की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां उन्होंने धरना प्रदर्शन शुरू किया तथा धरना प्रदर्शन के कुछ देर बाद ही मौके पर पुलिस बल पहुंचा। इस दौरान अनशनकारियों के साथ पुलिस की धक्का-मुक्की भी हुई और बल पूर्वक उन सभी को गिरफ्तार कर थाने ले जाया गया। इस दौरान एसपी सिटी सरिता डोभाल और सीओ मसूरी भी मौजूद रहे।
वहीं जयेंद्र रमोला ने कहा कि वह पिछले कई दिनों से धरना प्रदर्शन और आमरण अनशन बैठे हैं। लेकिन उत्तराखंड सरकार द्वारा वन्तरा रिसॉर्ट में ठहरे वीआईपी को बचाने की कोशिश कर रही है। उसका नाम उजागर नहीं किया जा रहा है। यही नहीं जांच को भी प्रभावित किया जा रहा है। इन सब के खिलाफ वह पिछले कई दिनों से आमरण अनशन कर रहे हैं। आज जब मुख्यमंत्री कार्यालय पर वह अनशन करने पहुंचे तो उनको पुलिस द्वारा बर्बरता से घसीटते हुए गाड़ी तक ले जाया गया और गिरफ्तार कर लिया गया। उनका कहना है कि जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिलेगा और वीआईपी का नाम उजागर नहीं होगा तब तक यह हमारा आंदोलन जारी रहेगा।



