बसुकेदार तहसील की जनसमस्याओं को लेकर मंगलवार को तहसील घेराव — डॉ. आशुतोष भण्डारी

लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ । बसुकेदार तहसील क्षेत्र की वर्षों से लंबित जनसमस्याओं के निराकरण के लिए मंगलवार को तहसील भवन, बसुकेदार में तहसील घेराव किया जाएगा। उत्तराखण्ड क्रांति दल के नेता एवं केदारनाथ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. आशुतोष भण्डारी ने क्षेत्र की जनता, ग्राम प्रधानों एवं जनप्रतिनिधियों से तहसील घेराव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है। यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में डॉ. आशुतोष भण्डारी ने कहा कि बसुकेदार तहसील क्षेत्र की जनता लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के अभाव से जूझ रही है। तहसील का स्थायी भवन आज तक नहीं बन पाया है, जबकि अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आवश्यक आवासीय व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं है। बताया कि पूर्व में मुख्यमंत्री द्वारा तहसील भवन निर्माण की घोषणा किए जाने तथा एसडीएम बसुकेदार द्वारा शासन को पत्र भेजे जाने के बावजूद धरातल पर अपेक्षित कार्रवाई ना होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि तहसील क्षेत्र के बडेथ , ताल, जामणा एवं घंघासू-बांगर क्षेत्र में आपदा प्रभावित ग्रामीणों को अभी तक उचित राहत एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का इंतजार है। वहीं हाट-बस्ती मोटर पुल की समस्या भी वर्षों से लंबित है। पुल की बदहाल स्थिति के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ये केवल विकास से जुड़े मुद्दे नहीं, बल्कि आम जनता की रोजमर्रा की जिंदगी, सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े गंभीर सवाल हैं। शासन-प्रशासन द्वारा लगातार घोषणाएं तो की जा रही हैं, लेकिन जनता अब घोषणाओं के बजाय धरातल पर काम चाहती है। उन्होंने कहा कि मंगलवार का तहसील घेराव किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि बसुकेदार तहसील क्षेत्र की जनता के अधिकारों और वर्षों से लंबित जनसमस्याओं के समाधान के लिए किया जा रहा है।



