केदारनाथ पैदल मार्ग पर पत्थर की चपेट में आने से महाराष्ट्र की महिला यात्री की मौत

केदारनाथ पैदल मार्ग पर पत्थर की चपेट में आने से महाराष्ट्र की महिला यात्री की मौत
रूद्रप्रयाग। गौरीकुंड केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से एक महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई। सूचना पर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया। मौसम यात्रा अनुकूल होने के बाद तथा करीब तीन घंटे बाद यात्रा मार्ग से मलबा साफ होने पर यात्रा सुचारू कर दी गई। महिला का शव डीडीआरएफ एवं वाईएमएफ की टीम गौरीकुंड लाई और पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने जानकारी दी कि रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर जा रहे महाराष्ट्र के यात्री जैसे ही चीरबासा के पास पहुंचे तो पहाड़ी से अचानक से पत्थर गिरे और इसकी चपेट में आने से मंगल अपाराव सिंधे (60) निवासी निम गांव जिला सोहलपुर महाराष्ट्र की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मियों ने यात्रियों को रास्ते में रोक दिया। करीब तीन घंटे बाद मार्ग साफ व सुरक्षित होने पर यात्रियों को आगे की ओर भेजा गया।



