उत्तराखंडखास खबरेंफटाफट ख़बरें

हेलीपैडों पर निजी वाहनों के संचालन का आरोप, टैक्सी यूनियन गुप्तकाशी की परिवहन विभाग से कार्रवाई की मांग

उचित कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
गुप्तकाशी (रूद्रप्रयाग)। केदारनाथ यात्रा के दौरान हेलीपैडों पर निजी एवं डग्गामार वाहनों के संचालन को लेकर टैक्सी संचालकों ने आपत्ति जताई है। शहीद गोविन्द सिंह राणा जीप-टैक्सी ओनर्स कल्याण समिति, गुप्तकाशी ने इस संबंध में परिवहन विभाग को ज्ञापन भेजकर हेलीपैडों पर निजी वाहनों के संचालन पर रोक लगाने तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
टैक्सी मैक्सी यूनियन की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि यात्रा सीजन के दौरान हेलीपैडों पर प्राइवेट वाहनों का संचालन किया जा रहा है। साथ ही आरोप है कि कुछ हेलीपैडों पर कर्मचारियों द्वारा निजी वाहनों को बुकिंग दी जाती है, जिससे स्थानीय व्यवसायिक वाहन संचालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
टैक्सी मैक्सी यूनियन ने परिवहन विभाग का ध्यान इस ओर आकृष्ट करते हुए कहा कि यात्रा मार्ग पर स्थानीय टैक्सी एवं जीप संचालक निर्धारित नियमों के तहत यात्रियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं। ऐसे में हेलीपैडों पर निजी अथवा डग्गामार वाहनों का संचालन होने से स्थानीय वाहन व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।
समिति ने मांग की है कि हेलीपैडों पर संचालित वाहनों की जांच की जाए और नियमों के विपरीत पाए जाने वाले निजी अथवा डग्गामार वाहनों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए। समिति ने कहा कि इससे स्थानीय टैक्सी व्यवसायियों के हितों की रक्षा होने के साथ ही यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित बनाए रखने में मदद मिलेगी।
टैक्सी मैक्सी यूनियन गुप्तकाशी ने मांगों पर उचित कार्यवाही न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
वहीं, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी धर्मेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि वाहन चालकों की मांग का संज्ञान लिया गया है इस संबंध में जिला पर्यटन अधिकारी / हेली नोडल अधिकारी को अवगत कराया गया है तथा उन्हें इस विषय पर हेली कंपनियों को निर्देशित करने का आग्रह किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!