उत्तराखंडखास खबरेंरुद्रप्रयाग

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ के उच्चीकरण को लेकर तीसरे दिन भी धरना जारी 

लक्ष्मण सिंह नेगी।

क्षेत्र पंचायत प्रमुख, प्रधान संगठन समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों ने आंदोलन को दिया समर्थन,
मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने का ऐलान

ऊखीमठ। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ के उच्चीकरण सहित क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर तहसील परिसर में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने कहा कि सीमांत एवं पर्वतीय क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए ऊखीमठ में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का होना बेहद आवश्यक है। लंबे समय से उठाई जा रही मांग पर ठोस निर्णय नहीं होने से क्षेत्रवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
मंगलवार को धरना स्थल पर पहुंचे क्षेत्र पंचायत प्रमुख पंकज शुक्ला ने आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण की मांग क्षेत्र की जनता की मूलभूत आवश्यकता से जुड़ी है। स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय अथवा देहरादून जैसे दूरस्थ क्षेत्रों का रुख करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस आंदोलन को व्यापक समर्थन दिया जाएगा और मांग के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
दूसरी ओर प्रधान संगठन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों को अपना समर्थन दिया। पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि ऊखीमठ क्षेत्र में बड़ी संख्या में ग्रामीण आबादी निवास करती है तथा केदारनाथ, मध्यमहेश्वर और तुंगनाथ यात्रा मार्गों से जुड़े होने के कारण यहां स्वास्थ्य सेवाओं का महत्व और बढ़ जाता है। ऐसे में पीएचसी को उच्चीकृत कर आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं, विशेषज्ञ चिकित्सकों तथा पर्याप्त संसाधनों की व्यवस्था किया जाना समय की मांग है।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कुब्जा धर्म्वाण ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण की मांग को लेकर लंबे समय से शासन-प्रशासन के स्तर पर मांग उठाई जाती रही है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाई है। इसके चलते अब क्षेत्रवासियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।
व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही पीएचसी ऊखीमठ के उच्चीकरण को लेकर ठोस पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति या संगठन विशेष का आंदोलन नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता की स्वास्थ्य सुविधा से जुड़ा विषय है। धरने के तीसरे दिन कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुलदीप कण्डारी, पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष आनन्द सिंह रावत, महेश बर्त्वाल, सभासद प्रदीप धर्म्वाण, पूर्व सभासद प्रमोद नेगी, बलवन्त रावत, गोविन्द पुष्वाण, महेंन्द्र सिंह रावत, जितेन्द्र रावत, गोविन्द सिंह पंवार, अधिवक्ता वीरेन्द्र गोस्वामी, हरिमोहन भट्ट, भूपेन्द्र राणा, मुकेश नेगी, अनुसूया प्रसाद टमटा, प्रताप सिंह धर्म्वाण, महिपाल पुष्वाण, सुबोध पंवार, प्रेम प्रकाश नौटियाल, राकेश शुक्ला, उदय सिंह चौहान, राजेन्द्र सिंह पंवार, मदन सिंह रावत, कुंवर सिंह बर्त्वाल, प्रदीप पुष्वाण, माणिकलाल, अरविन्द पंवार, विजया देवी, अंजू देवी, जगमोहन सिंह पंवार, राजेन्द्र धर्म्वाण, सन्तोष त्रिवेदी, शिव सिंह रावत, रणजीत रावत, जयन्त नैथानी, अमित शुक्ला, बलवीर धर्म्वाण सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व नगर क्षेत्र के ग्रामीण व व्यापारी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!