जी-राम-जी पहली बैठक संपन्न, विकास कार्यों पर मंथन, ग्रामीण विकास को मिलेगी नई दिशा

रुद्रप्रयाग। जनपद में जी-राम-जी की प्रथम बैठक मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य कार्यक्रम के प्रभावी संचालन, विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा तथा ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करना रहा। बैठक में विभिन्न विकासखंडों से आए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग कर अपने-अपने सुझाव एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं को साझा किया।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए विभागीय समन्वय, नियमित अनुश्रवण एवं जमीनी स्तर पर सतत निगरानी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करें, ताकि आमजन को उनका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, आजीविका संवर्धन, रोजगार सृजन, स्वच्छता, पेयजल, सड़क संपर्क तथा अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही ग्राम स्तर पर आ रही चुनौतियों एवं समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों से फील्ड स्तर पर नियमित भ्रमण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अगस्त्यमुनि भुवनेश्वरी देवी, ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला तथा ब्लॉक प्रमुख जखोली विनीता चमोली, जिला विकास अधिकारी अनिता पंवार, ऊखीमठ की खंड विकास अधिकारी अनुष्का, जखोली के खंड विकास अधिकारी विजय नेगी, अगस्त्यमुनि के खंड विकास अधिकारी सुरेश साह तथा जी राम जी लोकपाल डॉ. सी.पी. चमोली सहित कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी एवं जी-राम सेवक उपस्थित रहे।



