श्रीकेदारनाथ धाम यात्रा में इस वर्ष टोकन सिस्टम के जरिये करेंगे यात्री दर्शन

केदारनाथ यात्रा में इस बार टोकन सिस्टम के जरिये यात्री कर सकेंगे दर्शन
रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 25 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। वहीं इस वर्ष केदारनाथ यात्रा में इस बार यात्री टोकन के जरिए दर्शन कर सकेंगे। टोकन व्यवस्था का जिम्मा पर्यटन विभाग को सौंपा गया है, जो एक-एक घंटे के स्लॉट में टोकन वितरित करेगा। साथ ही विभाग की ओर से धाम में यात्रियों का ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन भी किया जाएगा। इसके अलावा सोनप्रयाग से केदारनाथ तक पर्यटन मित्र तैनात होंगे, जो यात्रियों की मदद करने के साथ ही उन्हें पंचकेदार की महिमा से भी रूबरू कराएंगे।जिला पर्यटन एवं साहसिक खेल अधिकारी रुद्रप्रयाग राहुल चौबे ने बताया कि केदारनाथ में भीड़ प्रबंधन के लिए टोकन व्यवस्था की जा रही है। पहले चरण में यहां पांच काउंटर से टोकन दिए जाएंगे। उसके बाद जैसे-जैसे यात्रियों की संख्या होगी, उसी हिसाब से काउंटर की संख्या बढ़ाई जाएगी। टोकन धाम पहुंचने वाले यात्रियों का बायोमैट्रिक पंजीकरण भी किया जाएगा, जिससे यात्रियों की सही संख्या का आंकड़ा मिलने में मदद मिलेगी।



