उत्तराखंड

रुद्रप्रयाग शहर की दीवारों पर की जा रही वॉल पेंटिंग, गाय और नंदी की बना रहे आकृतियां 

लोनिवि कार्यालय से बेलणी पुल तक चल रहा राजमार्ग सुधारीकरण कार्य,
गौ रक्षा विभाग की मांग का जिला प्रशासन ने लिया संज्ञान,
रुद्रप्रयाग। जिला मुख्यालय में गौ रक्षा विभाग की मांग पर जिला प्रशासन ने नगर पालिका रुद्रप्रयाग क्षेत्र के अन्तर्गत गाय और नंदी के संरक्षण को लेकर राजमार्ग किनारे आकृतियां बनाने का काम शुरू हो गया है। शहर की वीरान दीवारों पर अब लोगों को भगवान शंकर के साथ ही गाय और नंदी की आकृतियां दिखाई देंगी।

वहीं नगर क्षेत्र में लोनिवि कार्यालय से बेलणी पुल तक नालियों का निर्माण तथा राजमार्ग की स्थिति को सुधारते हुए इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जा रही है, जिससे बरसात के समय सड़कों पर पानी न भरे और लोगों को आवागमन में दिक्कतें ना हों। विश्व अखाड़ा परिषद (गौ रक्षा विभाग) की इस मांग पर कार्यवाही होने पर जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया गया है।

देश-विदेश से बाबा केदारनाथ और भगवान बद्री विशाल की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु जब रुद्रप्रयाग शहर से गुजरते हैं तो उन्हें ऐसा कुछ नहीं दिखाई देता, जिससे वह शहर की प्रशंसा कर सके। इसके अलावा शहर में फैली गंदगी और संकरे राजमार्ग के कारण लगने वाले जाम से उन्हें जूझना पड़ता है। ऐसी स्थिति में वे यहां से अच्छा संदेश लेकर नहीं जाते हैं। रुद्रप्रयाग शहर की बदतर स्थिति को देखते हुए विश्व अखाड़ा परिषद (गौ रक्षा विभाग) ने जिला प्रशासन से शहर में फैली समस्याओं और गाय और नंदी के संरक्षण को लेकर वाल पेंटिंग में उनकी आकृतियां उकेर कर स्लोगन लिखे जाने की मांग की थी। जिसके बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर इन दिनों जहां वाल पेंटिंग के जरिये शहर की वीरान दीवारों को सजाने का कार्य चल रहा है, वहीं लोनिवि कार्यालय से बेलणी पुल तक नालियों के निर्माण के साथ ही राजमार्ग की स्थिति को भी सुधारने का कार्य चल रहा है। इसके अलावा बेलणी पुल की भी स्थिति को सुधारा जा रहा है। यहां पर भी डामरीकरण को लेकर कार्य शुरू हो गया है। बरसाती सीजन में जहां लोनिवि कार्यालय से बेलणी पुल तक पहाड़ी से भूस्खलन होने का खतरा बना रहता है, वहीं सड़कों में बहते पानी के कारण श्रद्धालुओं के साथ ही केदारनाथ की जनता और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना पड़ता है। इन दिनों डीएम डाॅ सौरभ गहरवार के निर्देश पर एनएच विभाग की ओर से रुद्रप्रयाग शहर में लोनिवि कार्यालय से बेलणी पुल तक नाली निर्माण, इंटरलॉकिंग टाइल्स व पहाड़ी पर सुरक्षा जालियां लगाई जा रही है। इसके आलावा शहर की दीवारों पर वाल पेंटिंग का कार्य किया जा रहा है। इन दीवारों पर भगवान शंकर के साथ ही नंदी और गाय की आकृतियां उकेरी जा रही है, जिससे देश-विदेश से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं में भी अच्छा संदेश जाए। साथ ही स्थानीय लोगों में गाय और नंदी के संरक्षण को लेकर जागरूकता आ सके। गौ रक्षा विभाग के जिलाध्यक्ष रोहित डिमरी, कोषाध्यक्ष संदीप कप्रवाण एवं सचिव देवेन्द्र बिष्ट ने कहा कि रुद्रप्रयाग शहर में इससे पहले यह कार्य नहीं किए गए। रुद्रप्रयाग शहर की वीरान दीवारों पर इन दिनों गाय और नंदी की आकृतियां बनाई जा रही है। जो भी व्यक्ति इन चित्रों को देख रहा है, वह जिला प्रशासन के कार्य और गौ रक्षा विभाग के प्रयास की सराहना कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोनिवि कार्यालय से बेलणी पुल तक राजमार्ग सुधारीकरण का कार्य चल रहा है, जो गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है। वहीं डीएम डाॅ सौरभ गहरवार ने कहा कि रुद्रप्रयाग शहर की वीरान दीवारों के साथ ही राजमार्ग सुधारीकरण का कार्य भी चल रहा है। सभी कार्यो के पूरा होने के बाद शहर की सुंदरता और अधिक बढ़ेगी।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!