गुलदार के हमले में दो गायों की मौत, दहशत में ग्रामीण
फाटा। केदारघाटी में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा गत शुक्रवार को त्रियुगीनारायण में हुई घटना के बाद बीते रविवार की रात्रि गुलदार ने शेरसी में गौशाला में बंधी दो गाय को निवाला बना दिया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना है।
बीते रविवार की देर रात्रि शेरसी के कुलैथा तोक में गुलदार ने गौशाला में बंधी रामप्रसाद सेमवाल की दो गायों को निवाला बना दिया। प्रात: जब वो अपनी गौशाला की ओर गए तो मंजर देख हतप्रद रह गए। तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी गई।
ग्राम सरपंच मोहन नौटियाल ने बताया कि केदारघाटी में गुलदार का आतंक थम नहीं रहा है, त्रियुगीनारायण की घटना के एक दिन बाद शेरसी में गुलदार ने गाय को मौत के घाट उतार दिया। उन्होंने बताया इन घटनाओं से ग्रामीण सहमे हुए हैं। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त करने तथा गुलदार को पकड़ने की मांग की है । उन्होंने पीड़ित परिवार को मुआवजे दिए जाने की भी मांग की।



