केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग तरसाली में मलबे में दबा वाहन मिला, मलबे से पांच शव बरामद..

केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग तरसाली में मलबे में दबा वाहन मिला, मलबे से पांच शव बरामद…..
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कल देर सांय पहाड़ी टूट जाने से मार्ग बाधित हो गया था जिसमें एक स्विफ्ट डिजायर कार दबने की खबर मिली।
शुक्रवार को दिनभर रेस्क्यू के बाद मलबे में दबी कार को निकाला गया जिसमें कार में दबे पांच यात्री मृत अवस्था में पाए गए। रेस्क्यू टीम ने पांचों शव बरामद कर लिए हैं। पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार बीते सांय 4:10 मिनट पर केदारनाथ हाईवे पर तरसाली में भारी भरकम चट्टान टूटने से उसका मलबा हाईवे पर गिर गया। इसी बीच एक स्विफ्ट डिजायर भी हाईवे से गुजर रही थी कि अचानक मलबे में दब गई। अंधेरा होने के कारण बीती रात रेस्क्यू नहीं हो सका जबकि शुक्रवार सुबह प्रशासन, आपदा प्रबंधन, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, वाईएमएफ और एनएच लोनिवि की मौजूदगी में तीन मशीनों से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। सांय 6 बजे करीब मलबा हटाकर रेस्क्यू टीम को यहां दबी कार बरामद हुई जिसमें पांच लोग मृत अवस्था में पाए गए।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनएस रजवार ने बताया कि मलबे में दबने वाले यात्री गुजरात के रहने वाले हैं। जिनमें जिगर आर मोदी, देसाई महेश, मनीष कुमार, मिन्टू कुमार, पारिक दिव्याश शामिल है। मृतकों के पास पहचान पत्र मिले हैं जिससे उनके नाम की पुष्टि हुई है। इधर, बीते दिन से ही यहां एक वाहन के दबने की आशंका जताई जा रही थी। इसी को देखते हुए युद्धस्तर पर मलबा हटाने का काम किया गया। घटना से क्षेत्र में मातम पसर गया है। हर कोई इस दर्दनाक घटना से दुखी है।



