उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंराजनीतिरुद्रप्रयाग

धार्मिक पर्यटन का केंद्र बन रहा उत्तराखंड : भरत चौधरी

धार्मिक पर्यटन का केंद्र बन रहा उत्तराखंड

रुद्रप्रयाग। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न विकास कार्यों को लेकर विधायक भरत सिंह चौधरी ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तराखंड ऐतिहासिक विकास यात्रा पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य धार्मिक पर्यटन के केंद्र के साथ-साथ आधुनिक बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। वर्तमान में केंद्र सरकार की 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाएं उत्तराखंड में धरातल पर उतर रही हैं।

उन्होंने बताया कि केदारनाथ-बद्रीनाथ मास्टर प्लान, चारधाम यात्रा मार्गों का कायाकल्प और केदारनाथ–हेमकुंड साहिब रोपवे जैसे कार्य राज्य को विश्वस्तरीय पर्यटन ढांचा प्रदान कर रहे हैं। रोपवे परियोजना जहां श्रद्धालुओं के लिए यात्रा आसान बनाएगी, वहीं स्थानीय लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना उत्तराखंड की लाइफलाइन बनकर उभर रही है, जिससे न केवल कनेक्टिविटी बढ़ेगी बल्कि आपदा राहत कार्यों में भी तेजी आएगी।

विधायक चौधरी ने सौंग व जमरानी बांध परियोजनाओं को पेयजल, सिंचाई और ऊर्जा जरूरतों का दीर्घकालिक समाधान बताया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत पहाड़ी गांवों में नल से जल पहुंचने से महिलाओं को राहत मिली है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, पीएमजीएसवाई और प्रधानमंत्री आवास योजना ने किसानों और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत लाखों परिवारों को निशुल्क उपचार का लाभ मिला है।

इस दौरान उन्होंने खनन क्षेत्र में हुए सुधारों का उल्लेख भी किया, जिसके चलते राज्य को 200 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन मिला है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से उत्तराखंड ने एसडीजी इंडिया इंडेक्स में प्रथम स्थान, मत्स्य पालन में सर्वश्रेष्ठ राज्य तथा पर्यटन और फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कई राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल किए हैं। नकल विरोधी कानून, यूसीसी लागू करने वाला पहला राज्य बनने, धर्मांतरण व दंगारोधी कानून और अवैध अतिक्रमणों पर कार्रवाई को उन्होंने युवाओं और समाज के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।

उन्होंने बताया कि मातृशक्ति और राज्य आंदोलनकारियों को क्रमशः 33% और 10% आरक्षण देकर उन्हें सम्मान और सशक्तिकरण प्रदान किया गया है।

अंत में विधायक चौधरी ने कहा कि ये सभी उपलब्धियां उत्तराखंड को विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने में योगदान दे रही हैं।

प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवान, जिला मीडिया प्रभारी सतेन्द्र बर्त्वाल और नगर मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र रावत भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!