भालू के हमले में गाय की मौत, बछिया घायल

भालू के हमले में गाय की मौत, बछिया घायल
बीते दिनों भालू का रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया था।
फाटा। केदारघाटी के मैंखडा में बीती रात्रि मैंखडा के बुर्सिल तोक में भालू ने अनीता देवी पत्नी स्व दिनेश लाल की गौशाला का दरवाजा तोड़ कर गाय को मार दिया वही बछिया घायल हो गई। प्रातः जब अनीता देवी गौशाला की ओर पहुंची तो इस प्रकार की घटना देख हतप्रद रह गई। वहीं ग्रामवासियों द्वारा तत्काल घटना की सूचना वन विभाग को दी गई।
ग्राम प्रधान मैखंडा कविता देवी ने बताया कि बीते दिनों बुर्सिल तोक में ही भालू का रेस्क्यू कर छोड़ दिया गया था। उस दौरान भी ग्रामवासियों द्वारा भालू को पकड़ने की मांग की गई थी लेकिन वन विभाग ने भालू को जंगल में छोड़ दिया जिसका नतीजा ग्राम वासियों को अपने मवेशियों को खोकर चुकाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए शीघ्र भालू को पकड़ने की कवायद की जाय।
वहीं, वन क्षेत्राधिकारी शंकर सिंह रावत ने बताया कि वन कर्मियों द्वारा घटना स्थल का मुआयना किया गया है साथ ही तत्काल गौशाला मरम्मत हेतु दस हजार रुपए की मुआवजा राशि दी जाएगी। मृत मवेशियों का शीघ्र मुआवजा शासनादेश अनुसार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से वन कर्मी लगातार क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं वहीं क्षेत्र में फॉक लाइट व ट्रैप कैमरों की संख्या भी बढ़ा दी जाएगी। इसके साथ ही जल्द भालू को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगा दिया जाएगा। उन्होंने ग्रामवासियों से अपनी गौशालाओं के दरवाजे मजबूत बनाने एवं देर रात्रि आवागमन न करने की अपील की है।
इस दौरान वन दरोगा अभिषेक नेगी, बीट अधिकारी राजेश रावत, वन कर्मी राहुल रावत सहित पशुपालन के कर्मचारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।



