निर्धन परिवारों का सहारा बन रही उपहार समिति

गुप्तकाशी। केदारघाटी में कार्यरत उपहार समिति लगातार सामाजिक क्षेत्र में निर्धन, दिव्यांगजनों की सहायता कर उत्कृष्ट कार्य कर रही है। उपहार समिति द्वारा हर वर्ष जरूरतमंद निर्धन बेटियों की शादी में सहयोग के साथ ही निराश्रित लोगों को आवासीय भवन भी निर्मित कर रही है।
हाल ही में ओरिंग गांव के विकलांग संजू के मकान का कार्य भी समिति ने पूर्ण किया है। दरअसल संजू दोनों पांव से विकलांग है। साथ ही उसकी वृद्ध मां भी एक पैर से विकलांग है। ऐसे में गत कई वर्षों से वह क्षतिग्रस्त मकान में निवास कर रहे थे। 4 वर्ष पूर्व संजू ने हिम्मत करके मकान निर्माण का कार्य शुरू तो किया था ,लेकिन आर्थिक तंगी की वजह से उसको पूर्ण नहीं कर पाया।
उपहार समिति के अध्यक्ष विपिन सेमवाल और उनकी टीम ने ओरिंग पहुंचकर उक्त निर्माणाधीन आवास का निरीक्षण किया। उपहार समिति से जुड़े मनीष पुरोहित की मदद से उक्त आवासीय भवन को पूर्ण किया गया। इससे पूर्व समिति 50 जरूरतमंद बेटियों की शादी में सहयोग प्रदान कर चुकी है। साथ ही 7 निराश्रित लोगों के भवन भी निर्मित कर चुकी है। समिति के अध्यक्ष विपिन सेमवाल से बताया कि समिति से जुड़े हुए 86 लोग प्रतिमाह ₹500 की धनराशि समिति को प्रेषित करते हैं। एकत्रित धनराशि से इस तरह के कार्यों का अंजाम दिया जाता है।



