उत्तराखंडरुद्रप्रयाग

अज्ञात वाहन चालक ने केदारनाथ हाईवे के नैल में  कुचला गौवंश, गौ रक्षा विभाग ने की जिला प्रशासन से कड़ी कार्यवाही की मांग

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ हाईवे से सटे ग्रामीण इलाकों में रह रहे असामाजिक तत्व अपने मवेशियों का उपयोग करने के बाद उन्हें सड़कों पर मरने के लिए छोड़ रहे हैं, जिससे रात के समय नशे में तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले चालक इन बेसहारा गौवंश को कुचल रहे हैं, जिससे उनकी असमय मौत हो रही है।

बीते शुक्रवार रात नैल क्षेत्र के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब एक अज्ञात वाहन ने सड़क पर घूम रही एक निराश्रित बछिया को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बछिया की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही शनिवार सुबह गौ रक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

टीम ने मृत गौवंश को सड़क से हटाकर वाहन की व्यवस्था कर शव को नियमानुसार दफनाया। इस दौरान घटना को लेकर गौ रक्षा विभाग में गहरा आक्रोश देखने को मिला। कहा कि, यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि लगातार ऐसे हादसे हो रहे हैं, जिन पर अब तक कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

गौ रक्षा विभाग के अध्यक्ष रोहित डिमरी ने इस स्थिति को मानवता को शर्मसार करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि देवभूमि में इस तरह निराश्रित गौवंश को सड़कों पर छोड़ना बेहद निंदनीय है। उन्होंने जिला प्रशासन, पशुपालन विभाग, नगर पालिका, नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन से समन्वय बनाकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही रात के समय सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।

उन्होंने यह भी कहा कि कई मामलों में वाहन चालक गौवंश को कुचलने के बाद मौके से फरार हो जाते हैं, जो न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि मानवीय संवेदनाओं के भी खिलाफ है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!