अभियान प्रहरी पड़ाव के तहत ग्राम चुन्नी और खड़िया में पुलिस की रात्रि चौपाल हुई सम्पन्न

अभियान प्रहरी पड़ाव के तहत ग्राम चुन्नी और खड़िया में पुलिस की रात्रि चौपाल हुई सम्पन्न
जनपद में पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु चलाए जा रहे ‘अभियान प्रहरी पड़ाव’ के अन्तर्गत शुक्रवार को ग्राम चुन्नी एवं खड़िया में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया।
ग्राम चुन्नी में आयोजित रात्रि चौपाल की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऊखीमठ मनोज नेगी द्वारा की गई। रात्रि चौपाल में ग्राम चुन्नी के नवयुवक मंगल दल के सदस्यों, महिला मंगल दल एवं क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। प्रभारी निरीक्षक ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए गाँव की सुरक्षा, यातायात और अन्य स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की। ग्रामीणों से उनके सुझाव मांगे गए और आश्वासन दिया गया कि पुलिस प्रशासन उनके द्वारा उठाई गई जायज समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु प्रतिबद्ध है।
वहीं, ‘अभियान प्रहरी पड़ाव’ के अंतर्गत पुलिस चौकी फाटा द्वारा ग्राम खड़िया में एक रात्रि चौपाल का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम ने गांव में रात्रि प्रवास कर स्थानीय ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। चौपाल में ग्राम खड़िया के प्रबुद्ध नागरिकों, महिला मंगल दल एवं युवक मंगल दल के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं और सुझावों को धैर्यपूर्वक सुना गया तथा उनके प्रभावी निराकरण हेतु आश्वस्त किया गया।
जन-जागरुकता अभियान के क्रम में पुलिस द्वारा वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति ग्रामीणों को विशेष रूप से सचेत किया गया। उन्हें ऑनलाइन वित्तीय ठगी, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही, समाज में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए युवाओं को ड्रग्स जैसी घातक प्रवृत्तियों से दूर रहने और एक नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की गई। चौपाल में महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति भी जागरुकता फैलाई गई और उन्हें कानूनी अधिकारों व आपातकालीन हेल्पलाइन नम्बरों के बारे में शिक्षित किया गया। पुलिस की इस सामुदायिक पहल की ग्रामीणों द्वारा सराहना की गई, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण सुदृढ़ हुआ है।



