उत्तराखंडखास खबरेंखेलगांव

आईपीएल की तर्ज पर होगा ऊखीमठ प्रीमियर लीग, 28 नवंबर से शुरू होगा क्रिकेट का रोमांच

10 टीमें लेंगी हिस्सा, 15 नवंबर को होगा खिलाड़ियों का ऑक्शन; लाइव स्क्रीनिंग और लाइव स्कोरिंग की भी रहेगी व्यवस्था

रूद्रप्रयाग। क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। ऊखीमठ तहसील में पहली बार आईपीएल की तर्ज पर ऊखीमठ प्रीमियर लीग (UPL) का आयोजन 28 नवंबर से किया जाएगा। टूर्नामेंट के संयोजक गणेश वर्मा होंगे। प्रतियोगिता में क्षेत्रीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। आयोजकों के अनुसार, टूर्नामेंट को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप देने के लिए खिलाड़ियों के ऑक्शन से लेकर मैचों की लाइव स्क्रीनिंग और लाइव स्कोरिंग तक की व्यवस्था की जाएगी।

लीग के संयोजक गणेश वर्मा ने बताया कि, ऊखीमठ प्रीमियर लीग में कुल 10 टीमें प्रतिभाग करेंगी। इसके लिए 280 खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। टीमों के मालिक ऑक्शन प्रक्रिया के माध्यम से खिलाड़ियों पर बोली लगाकर अपनी-अपनी टीमों का गठन करेंगे। खिलाड़ियों का ऑक्शन 15 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में केवल ऊखीमठ तहसील के खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकेंगे।

आयोजकों की योजना टूर्नामेंट को पेशेवर अंदाज में आयोजित करने की है। इसके तहत सभी मैचों को लाइव स्क्रीन पर दिखाने के साथ ही स्कोरिंग भी लाइव की जाएगी। वहीं, मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रारूप में करने की तैयारी है, ताकि दर्शक प्रतियोगिता के मुकाबलों का रोमांच बेहतर तरीके से देख सकें।

उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की फाइनल लिस्ट जारी की गई है, जिसमें सिर्फ ऊखीमठ तहसील के खिलाड़ी ही प्रतिभाग करेंगे।

पहली बार आयोजित हो रही इस लीग से क्षेत्र के क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलने की उम्मीद है। साथ ही, स्थानीय स्तर पर क्रिकेट के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में भी यह प्रतियोगिता महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!